चलती ट्रेन से गिरते यात्री की जान बचाई, RPF की महिला आरक्षक जया उके की बहादुरी CCTV में कैद
गोंदिया: नागपुर मंडल के गोंदिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की महिला आरक्षक जया उके ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक यात्री की जिंदगी बचाई है। यह घटना ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत हुई, जिसका नेतृत्व मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य कर रहे हैं। RPF की यह त्वरित और बहादुर कार्रवाई अब सराहना का विषय बन गई है।
जानकारी के मुताबिक, 29 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर विदर्भ एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12105 प्लेटफॉर्म नंबर 5 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान 45 वर्षीय यात्री आनंद अशोक उसरे चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। उनके कदम लड़खड़ाए और वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने गैप की ओर गिरने लगे। यह पल बेहद खतरनाक था और यात्री किसी भी क्षण ट्रेन के पहियों के नीचे आ सकते थे।
लेकिन प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात RPF की महिला आरक्षक जया उके ने बिना एक पल गँवाए दौड़ लगाई। उन्होंने बड़ी सूझबूझ और साहस दिखाते हुए गिरते हुए यात्री को पकड़कर खतरनाक गैप से सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। RPF अधिकारियों ने महिला आरक्षक जया उके के इस कार्य को असाधारण बहादुरी, समर्पण और तेज निर्णय लेने का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
admin
News Admin