एसटी महामंडल ने की रिकॉर्ड कमाई, स्कूली यात्राओं से कमाया 127 करोड़ 18 लाख का राजस्व
मुंबई: महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल ने 2025-26 शैक्षणिक वर्ष में स्कूली यात्राओं के लिए 25 हजार 558 बस फेरों के जरिए लाखों छात्रों की सुरक्षित यात्रा कराई और 127 करोड़ 18 लाख रुपये का रिकॉर्ड राजस्व कमाया। यह राजस्व पिछले वर्ष की तुलना में 33 करोड़ 29 लाख रुपये अधिक है।
परिवहन मंत्री तथा एमएसआरटीसी के अध्यक्ष प्रताप सरनाइक ने कहा, "स्कूली छात्रों की सुरक्षित यात्राओं के लिए एसटी के अलावा कोई विकल्प नहीं है।" मंत्री ने कहा कि शैक्षणिक वर्ष में विभिन्न धार्मिक व ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों की यात्राओं के लिए स्कूल और महाविद्यालय यात्राएँ आयोजित करते हैं। एसटी के माध्यम से आयोजित यात्राओं पर सरकार 50 प्रतिशत छूट देती है। इसलिए एसटी यात्राएँ सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती होती हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लाखों छात्रों को इसका बड़ा लाभ मिलता है।
मंत्री सरनाइक ने बताया कि इस वर्ष अधिकांश स्कूली यात्राओं के लिए एसटी ने नई और आधुनिक बसें उपलब्ध कराईं, जिससे छात्रों की यात्रा अधिक सुरक्षित, आरामदायक और संतोषजनक बनी। परिवहन मंत्री ने अपील की है कि आने वाले शैक्षणिक वर्ष में स्कूल और महाविद्यालय निजी बसों के बजाय एसटी बसों का अधिक से अधिक उपयोग करें।
admin
News Admin