उपराजधानी को 3412 करोड़ की विकास सौगात, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में विभिन्न परियोजनाओं का किया भूमिपूजन
नागपुर: उपराजधानी नागपुर के लिए सोमवार का दिन विकास के लिहाज़ से बेहद अहम रहा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शहर में एक साथ कई बड़ी विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान हरिहर मंदिर वर्धमान नगर फ्लाईओवर, सीए रोड के सीमेंटीकरण समेत कुल 3412 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की शुरुआत और सौगात नागपुरवासियों को दी गई।
उपराजधानी नागपुर देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। शहर में सड़क, फ्लाईओवर और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और लोकनिर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले की उपस्थिति में नागपुर शहर और जिले में कुल 3412 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
इन परियोजनाओं में महारेल द्वारा 607 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 12 फ्लाईओवर और आरयूबी (रोड अंडर ब्रिज) भी शामिल हैं, जिन्हें जनता को समर्पित किया गया। नागपुर शहर में 150 करोड़ रुपये की लागत से मेयो हॉस्पिटल चौक से प्रजापति नगर तक सीमेंट रोड, और 150 करोड़ रुपये की लागत से आरबीआई चौक से ऑटोमोटिव चौक तक सीमेंट रोड के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा एनआईटी और नागपुर महानगर पालिका के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की भी शुरुआत की गई।
इसी अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महारेल द्वारा निर्मित हरिहर मंदिर–वर्धमान नगर फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। साथ ही काटोल शहर में बनाए गए आरयूबी का भी उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त राज्यभर में महारेल द्वारा तैयार किए गए 12 अन्य फ्लाईओवर और आरयूबी को भी इस दौरान जनता को समर्पित किया गया। इस दौरान बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, नागपुर शहर में लगातार विकास के काम किये जा रहे हैं। सडको का मजबूतीकरण हो या अन्य काम तेजी के साथ शुरू है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर सहित पुरे राज्य में बुनियादी ढांचा को मजबूत करने में लगे हुए हैं। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने पीडब्ल्यूडी मंत्री रहते हुए जो सपना देखा था आज उनके नेतृत्व में हम मुख्यमंत्री फडणवीस की अगुवाई में कर रहे हैं। लंदन स्ट्रीट हो या अन्य काम नागपुर में तेजी से काम किया जा रहा है।
विकास कार्यों को लेकर विधायक कृष्ण खोपड़े ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नागपुर, विशेषकर पूर्व नागपुर में विविध विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। खोपड़े ने बताया कि फ्लाईओवर के निर्माण से ट्रैफिक की बड़ी समस्या का समाधान होगा, हालांकि अभी कुछ अन्य कार्य भी शेष हैं। इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद नागरिकों को व्यापक राहत मिलेगी।
admin
News Admin