मनपा चुनाव में भाजपा सहित महायुति की प्रचंड जीत; नागपुर, अमरावती और अकोला में भाजपा का परचम
नागपुर: नागपुर सहित विदर्भ की चारों महानगर पालिकाओं के चुनाव परिणामों में भाजपा सहित महायुति ने प्रचंड जीत दर्ज की है। चार में से तीन महानगर पालिकाओं -- नागपुर, अमरावती और अकोला में भाजपा ने जीत हासिल की। वहीं चंद्रपुर में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।
महानगर पालिका चुनावों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली महायुति को इन चुनावों में प्रचंड सफलता मिली है। विदर्भ की चार महानगर पालिकाओं में से नागपुर, अमरावती और अकोला में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है, जबकि चंद्रपुर महानगर पालिका में कांग्रेस 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
भाजपा का दबदबा कायम
भाजपा ने विदर्भ की सभी चार महानगर पालिकाओं में शिवसेना के साथ महायुति के बैनर तले चुनाव लड़ा था। नागपुर महानगर पालिका में भाजपा ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रचंड जीत हासिल की। 151 सदस्यीय सदन में भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना ने मिलकर 102 सीटों पर जीत दर्ज की।
अमरावती और अकोला
अमरावती महानगर पालिका में भी भाजपा 25 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई। यहां विधायक रवि राणा की स्वाभिमानी पक्ष और कांग्रेस को 16-16 सीटें मिलीं, जबकि एनसीपी ने 11 और एमआईएम ने 10 सीटों पर जीत हासिल की। अकोला महानगर पालिका में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत के साथ बड़ी सफलता दर्ज की। भाजपा 38 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि कांग्रेस को केवल 21 सीटों से संतोष करना पड़ा। वहीं शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) को 6 और वंचित बहुजन आघाड़ी को 5 सीटें प्राप्त हुईं।
चंद्रपुर महानगर पालिका
चंद्रपुर महानगर पालिका में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। यहां कांग्रेस ने उलटफेर करते हुए 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर बाजी मारी। भाजपा को 23 सीटें मिलीं, जबकि शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने 6 और जन विकास सेना ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की।
admin
News Admin