नागपुर में भाजपा को प्रचंड जीत, 102 सीटों पर किया कब्ज़ा; मुख्यमंत्री फडणवीस और केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कार्यकर्ताओं के साथ मनाया जश्न
नागपुर: नागपुर महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है। 151 सदस्यीय मनपा में भाजपा ने 102 सीटों पर विजय हासिल कर लगातार चौथी बार सत्ता पर कब्जा जमाया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा की इस शानदार सफलता पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जीत का जश्न मनाया। शहर के बड़कास चौक पर आयोजित समारोह में दोनों नेता शामिल हुए, जहां विजयी उम्मीदवारों का सम्मान किया गया और कार्यकर्ताओं को इस जीत के लिए बधाई दी गई।
विदर्भ सहित राज्य में भाजपा को समर्थन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "मनपा चुनावों में मिली अभूतपूर्व सफलता के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व को मैं दिल से बधाई देता हूं। मुंबई से शुरू हुए इन चुनावों में जनता ने हमारे विकास कार्यों और स्वच्छ, सुंदर व प्रदूषण मुक्त नागपुर के विजन पर भरोसा जताया है। इस जीत में हमारे पार्षदों, विधायकों, कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विदर्भ में निरंतर परिश्रम करने वाले संरक्षक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अहम भूमिका रही है।"उन्होंने आगे कहा, "हमने वर्षों से अपने घोषणा पत्र में यह संकल्प लिया था कि नागपुर को देश का एक सुंदर, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर बनाया जाएगा। जनता ने हमारे इस विजन पर विश्वास किया है। आज इस खुशी के मौके के साथ हमारी जिम्मेदारियां भी और बढ़ गई हैं। चुने गए सभी पार्षदों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा, उनके मुद्दों का समाधान करना होगा और लोगों के हम पर किए गए भरोसे को सार्थक बनाना होगा।"
गडकरी ने आगे कहा, "देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बल पर जनता ने एक बार फिर हम पर भरोसा जताया है। मैं सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को हार्दिक बधाई देता हूं।"
admin
News Admin