महाराष्ट्र सरकार में फेरबदल की अटकलों पर प्रतापराव जाधव का बयान, बोले- एकनाथ शिंदे नाराज़ नहीं
बुलढाणा: केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने महायुति सरकार में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल और एकनाथ शिंदे की नाराज़गी की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में महायुति सरकार अच्छा काम कर रही है और सरकार महाराष्ट्र के मौजूदा संकट को संवेदनशीलता के साथ देख रही है।
जाधव ने कहा कि मंत्रिमंडल में छोटे-मोटे बदलाव होते रहते हैं, लेकिन इन्हें ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है। वित्त मंत्रालय को लेकर अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की मांग पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों सक्षम हैं तथा उनके बीच संवाद और संबंध अच्छे हैं। इस संबंध में जो भी फैसला होगा, तीनों नेता मिलकर लेंगे। एकनाथ शिंदे की नाराज़गी की खबरों को खारिज करते हुए जाधव ने कहा कि शिंदे साहेब बिल्कुल भी नाराज़ नहीं हैं। उन्होंने शिंदे को नेकदिल नेता बताया।
वहीं, किसानों को 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने के ऐलान पर उठ रहे सवालों के बीच जाधव ने स्पष्ट किया कि यह केवल अग्रिम सहायता है, पूरी आर्थिक मदद नहीं। उन्होंने कहा कि दिवाली के मद्देनजर किसानों को तत्काल राहत दी जा रही है। सभी पंचनामे पूरे होने के बाद किसानों को पर्याप्त सहायता दी जाएगी। जाधव ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों की मदद के लिए आगे भी ठोस कदम उठाएगी।
admin
News Admin