Chandrapur: बाघों की नसबंदी की तैयारी, वन विभाग ने केंद्र से मांगी अनुमति; नसबंदी का प्रस्ताव भेजने वाला देश का बना पहला जिला
चंद्रपुर: चंद्रपुर जिले में बाघों की बढ़ती संख्या और उनके हमलों में इंसानों व पालतू पशुओं की जान जाने की घटनाओं के बीच वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने बाघों की नसबंदी के लिए केंद्र सरकार से विशेष अनुमति मांगी है। इसके लिए प्रस्ताव भी भेजा गया है। खास बात यह है कि बाघों की नसबंदी की अनुमति मांगने वाला चंद्रपुर देश का पहला और एकमात्र जिला बन गया है।
चंद्रपुर जिले में बाघों की बढ़ती संख्या और उनके हमलों में इंसानों के साथ-साथ पालतू पशुओं की जान जाने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। लगातार बढ़ते संघर्ष को देखते हुए भाजपा की वरिष्ठ नेता और राज्य की पूर्व मंत्री शोभाताई फडणवीस मुल तहसील के सैकड़ों किसानों के साथ चंद्रपुर वन विभाग के मुख्यालय पहुंचीं। उन्होंने जिले में बाघों की बढ़ती संख्या पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की। इसके साथ ही किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर भी वन विभाग के अधिकारियों के सामने कई मांगें रखीं।
वहीं, पूर्व मंत्री की मांगों पर जवाब देते हुए चंद्रपुर वनवृत्त के मुख्य वन संरक्षक रामानुजन ने बाघों की नसबंदी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने केंद्र सरकार से बाघों की नसबंदी के लिए विशेष अनुमति मांगी है और इस संबंध में प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है।
admin
News Admin