फिल्मी स्टाइल में सर्राफा व्यापारी पर फायरिंग कर 11.85 लाख की लूट! राजस्थान का शातिर लुटेरा गुजरात जेल से गिरफ्तार
नागपुर: नागपुर के खापरखेड़ा पुलिस थाना अंतर्गत सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने वाले शातिर बदमाश को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है। फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई इस सनसनीखेज वारदात का आरोपी राजस्थान का रहने वाला है, जिसे नागपुर पुलिस ने गुजरात की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि इस ब्लाइंड लूट की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने एक-दो नहीं, बल्कि 388 मोबाइल नंबरों की CDR खंगाली और महाराष्ट्र समेत चार राज्यों में आरोपियों की तलाश की।
दरअसल, यह पूरी वारदात 23 जुलाई 2026 की रात की है। सावनेर तहसील के वलनी निवासी सर्राफा व्यापारी मंगेश मारोतकर दहेगांव स्थित अपनी महालक्ष्मी ज्वेलर्स दुकान बंद कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान खापरखेड़ा थाना क्षेत्र के धनगिरी बाबा मंदिर के पास दोपहिया वाहन से पहुंचे तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर व्यापारी को लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे व्यापारी घायल हो गए। इसके बाद बदमाश करीब 11 लाख 85 हजार रुपये का माल लेकर मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद खापरखेड़ा पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही आरोपियों के अपराध करने के तरीके और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। पुलिस ने करीब 388 मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की। इसी तकनीकी जांच के आधार पर राजस्थान के धौलपुर निवासी 30 वर्षीय अशोक रमेश प्रजापति पर पुलिस का शक गहराया।
इसके बाद पुलिस ने महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान में आरोपियों की तलाश के लिए जाल बिछाया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी अशोक प्रजापति गुजरात की भुज-पालारा सेंट्रल जेल में बंद है। वह फायरिंग और डकैती के एक अन्य मामले में जेल में था। इसके बाद नागपुर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया और नागपुर लेकर आई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। अब पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार और लूटे गए माल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
admin
News Admin