Mumbai: कुर्ला में युवक-युवती के साथ मारपीट, 8 नाबालिग हिरासत में; पत्थर, बेल्ट और लकड़ी से किया हमला, वीडियो वायरल
मुंबई: मुंबई के कुर्ला इलाके में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। फीनिक्स मॉल के पास स्थित प्रमोद महाजन उद्यान में फोटो खिंचवा रहे एक युवक और युवती को 8 से 10 नाबालिगों के समूह ने घेरकर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि पहले युवती के साथ छेड़छाड़ की गई और विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद हमलावरों ने युवक पर लाठी-डंडों, पत्थर और बेल्ट से हमला कर दिया। युवती को भी नहीं बख्शा गया और उसके सिर पर लकड़ी से वार किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फीनिक्स मॉल घूमने के बाद उद्यान में गए थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती शुक्रवार दोपहर करीब 4 बजे कुर्ला स्थित फीनिक्स मॉल घूमने पहुंचे थे। मॉल से बाहर निकलने के बाद दोनों पास के प्रमोद महाजन उद्यान में फोटो खिंचवाने गए। इसी दौरान वहां मौजूद 7 से 8 नाबालिगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने पहले युवक को निशाना बनाया और फिर उसके साथ मौजूद युवती पर भी हमला कर दिया।
युवक के सिर और शरीर पर किए वार, युवती भी घायल
वायरल वीडियो में कुछ युवक पत्थर, बेल्ट और लकड़ी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। युवक को लात-घूंसों से भी पीटा गया, जबकि युवती के सिर पर लकड़ी से वार किया गया। हमले में दोनों घायल हो गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।
सातारा का युवक, नवी मुंबई की युवती
बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक 21 साल का है और सातारा का रहने वाला है, जबकि युवती 19 साल की है और नवी मुंबई में रहती है। युवक अपनी मित्र से मिलने सातारा से मुंबई आया था। दोनों ने पुलिस को बताया कि वे दोस्त हैं और फीनिक्स मॉल घूमने आए थे।
8 नाबालिग हिरासत में, अभिभावकों को भी बुलाया
घटना के बाद पीड़ित युवक-युवती की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उनके अभिभावकों को भी पुलिस स्टेशन बुलाया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
किरीट सोमैया ने भी उठाया मामला
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक-युवती पर कट्टरपंथियों ने हमला किया। सोमैया के मुताबिक, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने यह भी बताया कि पांच नाबालिगों के अभिभावकों को नोटिस जारी किए गए हैं और वे घटनास्थल का दौरा करेंगे।
admin
News Admin