logo_banner
Breaking
  • ⁕ Nagpur Air Fest 2026: सुखोई की गर्जना से गूंजा उपराजधानी नागपुर का आसमान, आसमानी करतबों ने बांधा समां ⁕
  • ⁕ अमरावती नवजात बिक्री मामले की जाँच तेज, पुलिस ने चार बच्चों को किया बरामद; अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार ⁕
  • ⁕ अजनी चौक पर भीषण हादसा, तेज रफ़्तार आपली बस ने राहगीर को रौंदा; हादसे में व्यक्ति की मौत,महिला घायल ⁕
  • ⁕ महंगाई की मार झेल रहे नागरिकों को मदर डेयरी ने दिया झटका, दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी; 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें ⁕
  • ⁕ स्टार एअर की पुणे-नागपुर विमान सेवा बंद, दिवाली से पहले विमान सेवा बंद होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी ⁕
  • ⁕ Chandrapur: इरई बांध में 68 प्रतिशत जल भंडार शेष, "न करें पानी की कटौती", किशोर जोरगेवार की मांग ⁕
  • ⁕ किसानों की आत्महत्या पर प्रकाश आंबेडकर का विवादित बयान, बोले- पहले 10 नेताओं को मारो, फिर मरो! ⁕
  • ⁕ नागपुर अधिवेशन के खर्च में ₹42 करोड़ की बढ़ोतरी, खर्च ₹86.90 करोड़ से बढ़कर ₹129.05 करोड़ रुपये ⁕
  • ⁕ Nagpur: MD ड्रग्स तस्करों पर एंटी नारकोटिक्स टीम का शिकंजा! गणेशपेठ में 7 ग्राम MD ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार ⁕
  • ⁕ Yavatmal: दिग्रस में शादी का झांसा देकर धर्मांतरण के लिए दबाव डालने का आरोप, तीन लोगों पर मामला दर्ज ⁕
Nagpur

रोहित पवार के ट्रैक्टर मोर्चे से पार्टी ने बनाई दूरी? विदर्भ के पदाधिकारियों को आंदोलन में शामिल नहीं होने के निर्देश


नागपुर: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। पिछले कुछ महीनों से दिवंगत नेता अजित पवार के विमान हादसे और किसानों के विभिन्न मुद्दों को लेकर महायुति सरकार पर सवाल उठा रहे रोहित पवार को अब अपने ही दल के भीतर से विरोध का सामना करना पड़ रहा है। आगामी शीतकालीन अधिवेशन के दौरान आयोजित होने वाले उनके 'न्यायहक्क ट्रैक्टर मोर्चा' में पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को शामिल नहीं होने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

रविवार की बैठक के बाद बदले निर्देश, पदाधिकारियों में असमंजस

जानकारी के मुताबिक, रोहित पवार ने रविवार (22 नवंबर) को नागपुर में विदर्भ के ग्रामीण और शहरी जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों तथा प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी। इस बैठक में ट्रैक्टर मोर्चे की तैयारियों पर चर्चा हुई। हालांकि, बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से विदर्भ के पदाधिकारियों को प्रदेश कार्यालय से मिलने वाले आधिकारिक निर्देशों का ही पालन करने को कहा गया। साथ ही रोहित पवार के किसी भी आंदोलन या अभियान में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शामिल नहीं होने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। इससे पार्टी के भीतर असमंजस की स्थिति बन गई है।

एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं के बीच बढ़ी दूरी?

राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) के एनडीए या महाराष्ट्र की महायुति सरकार में शामिल होने की चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। रोहित पवार लगातार यह कहते रहे हैं कि वह किसी भी परिस्थिति में सत्ता में शामिल होने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि पार्टी ऐसा कोई फैसला लेती है तो वह अपना अलग रास्ता चुन सकते हैं। ऐसे में उनके और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के बीच मतभेदों की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से इन घटनाक्रमों को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

4 दिसंबर को शेगांव से शुरू होगा ट्रैक्टर मोर्चा

पार्टी के भीतर से अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने की चर्चाओं के बावजूद रोहित पवार ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 4 दिसंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव से 'न्यायहक्क ट्रैक्टर मोर्चा' शुरू होगा। यह मोर्चा बुटीबोरी होते हुए 9 दिसंबर को नागपुर पहुंचेगा और शीतकालीन अधिवेशन के दौरान विधान भवन पर दस्तक देगा।

किसानों और मजदूरों के लिए प्रमुख मांगें

इस मोर्चे के जरिए किसानों, खेत मजदूरों और मछुआरों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। आंदोलन की प्रमुख मांगें हैं:

  • पिछले वर्ष अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए घोषित आर्थिक सहायता तत्काल दी जाए।
  • माइक्रो फाइनेंस कंपनियों की कर्ज वसूली पर अगले दो वर्षों तक रोक लगाई जाए।
  • खेत मजदूरों के लिए स्वतंत्र रोजगार गारंटी योजना लागू की जाए।
  • मछुआरों को भी सरकार की ओर से पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाए।


कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट से भी समर्थन की कोशिश

नागपुर में हुई बैठक के दौरान रोहित पवार ने दावा किया था कि यह मोर्चा शरद पवार के मार्गदर्शन में निकाला जा रहा है। उन्होंने आंदोलन में शामिल होने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से भी चर्चा करने की बात कही थी।

अब विदर्भ के पदाधिकारियों को दिए गए कथित निर्देशों के बाद इस आंदोलन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। रोहित पवार का मोर्चा कितना समर्थन जुटा पाता है और पार्टी नेतृत्व के साथ उनके मतभेद आगे क्या रूप लेते हैं, इस पर महाराष्ट्र की राजनीति की नजर रहेगी।