किसानों को लूटने वालों की खैर नहीं! 70 हजार की बोरवेल के लिए 1.20 लाख वसूले तो होगी कार्रवाई, बड़े जमीन मालिकों को भी अल्टीमेटम
नागपुर: पड़त जमीन सरकार जमा करने के बयान पर मचे विवाद के बीच राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सामान्य किसान की जमीन सरकार अपने कब्जे में नहीं लेगी। उनका निशाना उन बड़े व्यापारियों और कारोबारियों पर है, जिन्होंने सैकड़ों एकड़ कृषि जमीन खरीदकर उसे बिना खेती के छोड़ रखा है। सोमवार को कोराडी में पत्रकार परिषद के दौरान बावनकुले ने किसानों की कर्ज वसूली, बोरवेल माफिया और नागपुर के जल संकट पर भी कई अहम घोषणाएं कीं।
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कोकण, उत्तर महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के किसी भी सामान्य किसान की जमीन सरकार जमा नहीं करेगी। 1948 के कुळ कानून की धारा 65 का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बड़े व्यापारियों और कारोबारियों ने 50 से 300 एकड़ तक कृषि जमीन खरीदकर लैंड बैंक बना रखे हैं और वहां केवल फार्महाउस बनाकर जमीन खाली छोड़ दी है। ऐसे जमीन मालिकों को अगले 3 से 5 वर्षों में खेती शुरू करनी होगी। उन्होंने कहा कि इस कानून को लेकर गलतफहमी फैलाई जा रही है और राजस्व विभाग छोटे किसानों की जमीनों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
बोरवेल और टैंकर के नाम पर किसानों की लूट पर कार्रवाई
बावनकुले ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए 15 दिसंबर तक बोरवेल खुदाई पर लगी रोक हटाई है। लेकिन 70 हजार रुपये में होने वाली बोरवेल के लिए कुछ एजेंट और ठेकेदार किसानों से 1 लाख 20 हजार रुपये तक वसूल रहे हैं। टैंकरों के जरिए भी ज्यादा पैसे लिए जाने की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को ऐसी वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
माइक्रो फाइनेंस कंपनियों की कर्ज वसूली पर 8 महीने की रोक
दुष्काल की स्थिति को देखते हुए राज्य की प्रमुख माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई है। बावनकुले के मुताबिक, कंपनियों को अगले 8 महीने तक किसानों से कर्ज वसूली नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। कंपनियों ने इस पर सहमति जताई है। वहीं अवैध माइक्रो फाइनेंस कंपनियों और निजी साहूकारों द्वारा किसानों को परेशान करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
नागपुर के जल संकट के लिए 1400 करोड़ का प्रोजेक्ट
नागपुर के अगले 50 वर्षों के पानी की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कन्हान नदी पर कोलार-कन्हान बैराज बनाने की योजना है। बावनकुले ने बताया कि बैराज के लिए 800 करोड़ और नागपुर शहर के पांच किलोमीटर के आसपास जल वितरण व्यवस्था के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। इस तरह कुल 1400 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को आगामी शीतकालीन अधिवेशन और बजट में अंतिम मंजूरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा अगले पांच वर्षों में गांवों के तालाबों और मालगुजारी तालाबों को गहरा कर भूजल स्तर बढ़ाने का अभियान भी चलाया जाएगा।
रोहित पवार को ट्रैक्टर मोर्चे के बजाय चर्चा का न्योता
4 दिसंबर से नागपुर विधान भवन तक ट्रैक्टर मोर्चा निकालने की तैयारी कर रहे विधायक रोहित पवार को बावनकुले ने चर्चा का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं सूखा राहत के लिए गठित नौ मंत्रियों की समिति के अध्यक्ष हैं। बुधवार को कैबिनेट बैठक के बाद समिति की बैठक होगी। रोहित पवार को इस बैठक में शामिल होकर किसानों की समस्याएं रखनी चाहिए। सरकार बातचीत के लिए तैयार है।
लाडली बहना योजना बंद नहीं होगी
राज्य की आर्थिक स्थिति और सूखे के कारण सरकारी खजाने पर पड़ रहे दबाव को लेकर बावनकुले ने कहा कि सरकार इस स्थिति से निपटने में सक्षम है। किसी भी परिस्थिति में लाडली बहना योजना बंद नहीं होगी, बल्कि इसे और मजबूत किया जाएगा।
संजय राउत के आरोपों पर पलटवार
सांसद संजय राउत द्वारा परिसीमन के मुद्दे पर सांसदों को 150 करोड़ रुपये की पेशकश किए जाने के आरोपों पर बावनकुले ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप देश के सभी सांसदों और लोकतंत्र का अपमान हैं। वहीं विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर लगाए गए आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि यदि राउत के पास कोई सबूत हैं तो वे मुख्यमंत्री या उन्हें शिकायत दें, सरकार जांच कराएगी।
इसके अलावा कोराडी में पेड़ों पर कील ठोककर सीसीटीवी कैमरे लगाने वाले ठेकेदार के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने के निर्देश भी बावनकुले ने दिए। उन्होंने महाजनको की 20 एकड़ जमीन पर नर्सरी विकसित करने और हर साल कम से कम 5 हजार पौधे लगाने की पहल की जानकारी भी दी।
admin
News Admin