कांग्रेस सहित विपक्षी सांसद भी चाहते हैं परिसीमन बिल हो पास, चंद्रशेखर बावनकुले बोले- छोटे निर्वाचन क्षेत्र, विकास की बड़ी राह!
मुंबई: महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने परिसीमन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन होना जरूरी है। बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के कारण जनप्रतिनिधियों को पूरे क्षेत्र में पहुंचने और विकास कार्यों पर निगरानी रखने में परेशानी होती है। ऐसे में छोटे निर्वाचन क्षेत्र बनने से जनप्रतिनिधियों का जनता से संपर्क बढ़ेगा और विकास कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
बावनकुले के मुताबिक, महाराष्ट्र में रामटेक जैसा बड़ा लोकसभा क्षेत्र है, जिसमें छह विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इतने बड़े क्षेत्र में सांसद के लिए प्रत्येक इलाके तक पहुंचना और वहां के विकास कार्यों पर ध्यान देना चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कामठी विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां करीब 5.50 लाख मतदाता हैं। ऐसे में एक विधायक के लिए इतने बड़े मतदाता क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र जितने छोटे होंगे, जनप्रतिनिधियों का जनता से संपर्क उतना ही बेहतर होगा और विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दिया जा सकेगा।
कांग्रेस के दबाव में सांसद नहीं रख पा रहे खुलकर राय
परिसीमन को लेकर राजनीतिक दलों की भूमिका पर बोलते हुए बावनकुले ने दावा किया कि सभी दलों के सांसद और विधायक परिसीमन के समर्थन में हैं। हालांकि, कांग्रेस के दबाव के कारण कुछ जनप्रतिनिधि खुलकर अपनी राय सामने नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार से भी अगर निजी तौर पर पूछा जाए तो वे परिसीमन की आवश्यकता स्वीकार करेंगे। वहीं, उन्होंने सांसद सुप्रिया सुले की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं और भावनाओं को समझते हुए परिसीमन के समर्थन में अपनी बात रखी है।
बावनकुले ने महिला आरक्षण का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना जरूरी है। परिसीमन और महिला आरक्षण से जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने तथा विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
admin
News Admin