Amravati: अमरावती में 40 दिनों में 36 किसानों की आत्महत्या! ₹5 हजार की मदद को यशोमति ठाकुर ने बताया ‘भीख’
अमरावती: अमरावती जिले में किसानों की बढ़ती आत्महत्याओं को लेकर कांग्रेस नेता यशोमति ठाकुर ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महज 40 दिनों में अमरावती जिले के 36 किसानों ने आत्महत्या कर ली है। यह आंकड़ा बेहद गंभीर है और किसानों की मौजूदा स्थिति को दर्शाता है।
सरकार की ओर से दी जा रही आर्थिक सहायता पर सवाल उठाते हुए यशोमति ठाकुर ने कहा कि किसानों को केवल पांच हजार रुपये की मदद देना उनके साथ मजाक करने जैसा है। उन्होंने इस सहायता राशि को भीख देने जैसा बताते हुए कहा कि आज के समय में पांच हजार रुपये में घर का किराने का सामान खरीदना भी मुश्किल है। ऐसे में आर्थिक संकट से जूझ रहे किसान परिवारों को इतनी कम राशि से राहत कैसे मिलेगी?
यशोमति ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सूखे की गंभीरता को समझने में नाकाम साबित हो रही है और मुख्यमंत्री का किसानों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के पास वित्त मंत्री और गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी होने से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उन्हें पर्याप्त आर्थिक सहायता देने की मांग की।
admin
News Admin