Amravati: एक फार्महाउस में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्पर कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
अमरावती: अमरावती में एक फार्महाउस में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अमरावती महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग को गुरुवार दोपहर 2:45 बजे राजपूत ढाबे के सामने स्थित पंकज सुभाषराव सावकर के फार्महाउस में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे के निर्देश पर केंद्र प्रमुख प्रेमानंद सोनकांबले और पाली प्रमुख सुनील काकड़े के मार्गदर्शन में फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 2 से 3 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया।
इस घटना में किसी तरह की जनहानि या चोट की कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन दल की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसकी सराहना स्थानीय नागरिकों द्वारा की जा रही है।
admin
News Admin