मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ईंधन संकट की खबरों को बताया अफवाह, कहा- महाराष्ट्र में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं
नागपुर/मुंबई: ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के वैश्विक असर के बीच महाराष्ट्र में ईंधन की कमी को लेकर फैली अफवाहों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें
पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया पर खबरें चल रही थीं कि युद्ध के कारण महाराष्ट्र के कुछ शहरों में ईंधन की भारी किल्लत हो सकती है। इन खबरों के बाद पुणे और अन्य बड़े शहरों के पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ""लोगों के बीच गलत जानकारी फैलाकर 'पैनिक' पैदा करने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भविष्य की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। ऊर्जा सुरक्षा को लेकर सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं।"
गैस की कीमतों में भारी उछाल, जनता में रोष
भले ही मुख्यमंत्री ईंधन आपूर्ति को लेकर आश्वस्त कर रहे हों, लेकिन रसोई गैस और कमर्शियल गैस की बढ़ती कीमतों ने आम जनता और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की एकमुश्त वृद्धि की गई है। व्यावसायिक सिलेंडर के दाम 150 से 200 रुपये तक बढ़ गए हैं, जिससे होटल व्यवसायियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। कुछ क्षेत्रों में गैस सिलेंडर के वितरण पर दिनों की 'कैप' (सीमा) लगा दी गई है, जिससे समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
admin
News Admin