logo_banner
Breaking
  • ⁕ अकाल पर राजनीति कर रही महायुति सरकार, कांग्रेस नेता नाना पटोले ने लगाया आरोप; सचिन वाझे की रिहाई को लेकर सरकार को घेरा ⁕
  • ⁕ नाकामी के लिए चुनाव आयोग को दोषी ठहराने की कांग्रेस की कोशिश - उइके ⁕
  • ⁕ Amravati: विदर्भ में 18 साल में पहली बार हुई कम बारिश, 11 जिलों में सिर्फ़ 687 मिमी बारिश रिकॉर्ड, एल-नीनो का असर ⁕
  • ⁕ Gondia: जंगली सूअरों का आतंक, सूखे की मार और धान बोनस का मुद्दा; किसानों के सवालों पर बलिराजा संघ आक्रामक ⁕
  • ⁕ महाराष्ट्र का 75 प्रतिशत क्षेत्र अकाल घोषित, महायुति सरकार ने जीआर किया जारी; कर्जवसूली रोक , परीक्षा फीस माफ़ सहित लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय ⁕
  • ⁕ त्योहारों पर नागपुर और न्यू अमरावती के यात्रियों को बड़ी राहत, मध्य रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेनें ⁕
  • ⁕ Chandrapur: चंद्रपुर का राजा’ गणेश मंडल पर रामनगर पुलिस थाने में FIR ⁕
  • ⁕ Amravati: अमरावती में शिवसेना यूबीटी ने निकाला मार्च, कर्जमाफी सहित 1 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की मदद देने की मांग ⁕
  • ⁕ Yavatmal: वणी में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत ⁕
  • ⁕ Nagpur: ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे ASI रविंद्र कोकांडे की अचानक बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत ⁕
National

मैं कभी राजनीति के क्षेत्र में नहीं जाऊंगा: मनोज बाजपेयी


पटना: बिहार से ताल्लुक रखने वाले मशहूर बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी ने बुधवार को कहा कि वह कभी राजनीति के क्षेत्र में नहीं जाएंगे। बॉलीवुड अभिनेता ने कहा, ‘‘मैं राजनीति के क्षेत्र में बिल्कुल भी शामिल नहीं हो रहा हूं। जब मैं पिछली बार बिहार आया था और लालू प्रसाद जी और राज्य के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मिला था तो लोग अपनी सुविधा के अनुसार एक निष्कर्ष पर पहुंचने लगे थे, उन्होंने अनुमान लगाया कि मैं राजनीति में शामिल होऊंगा। यह 200 फीसदी तय है कि मैं राजनीति में नहीं आऊंगा... इसका सवाल ही नहीं उठता।'' 

वाजपेयी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेलवा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने लालू प्रसाद से पिछले साल 18 सितंबर को पटना में उनके आवास 10 सर्कुलर रोड पर मुलाकात की थी। दोनों के बीच मुलाकात के बारे पता तब चला जब तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की थी। तीन राष्ट्रीय और चार फिल्मफेयर पुरस्कार अपने नाम कर चुके वाजपेयी ने कहा, ‘‘मैं एक अभिनेता हूं और अभिनेता ही रहूंगा... राजनीति में शामिल होने का सवाल कहां उठता है।'' 

नई फिल्म नीति लाने की बिहार सरकार की योजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार को तुरंत नई फिल्म नीति पेश करनी चाहिए। अगर इसे जल्द से जल्द लागू किया जाता है तो राज्य, इसके कलाकारों और यहां की जनता को उचित मंच मिलेगा। बिहार में फिल्म बिरादरी राहत की सांस लेगी क्योंकि जो फिल्म निर्माता बिहार में शूटिंग करना चाहते हैं, वे आमतौर पर राज्य के बाहर शूटिंग के विकल्प तलाशते हैं।'' 

उन्होंने कहा कि बिहार में फिल्म निर्माण की अपार क्षमता और संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति के क्षेत्र में बिहार के गौरवशाली अतीत और प्राकृतिक सिनेमाई खजाने फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने के लिए पर्याप्त हैं। अभिनेता अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘‘सिर्फ एक बंदा काफी है'' के प्रचार के सिलसिले में पटना में थे। 

उन्होंने इस फिल्म में वकील का किरदार निभाया है जो निडर होकर एक शक्तिशाली तांत्रिक का सामना करता है। अपनी नवीनतम फिल्म ‘‘सिर्फ एक बंदा काफी है'' देखने का लोगों से अनुरोध करते हुए वाजपेयी ने कहा, ‘‘लोगों को यह फिल्म अवश्य देखनी चाहिए। यह फिल्म एक सामान्य व्यक्ति के सामने आने वाले संघर्षों और चुनौतियों को उजागर करती है, परिवर्तन लाने और न्याय पाने में एक व्यक्ति की शक्ति और प्रभाव को उजागर करती है।''