गणेशोत्सव को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज; मनपा, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त समन्वय बैठक, मंडलों को दिए गए अहम् निर्देश
नागपुर: गणेशोत्सव को लेकर नागपुर में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मनपा, पुलिस आयुक्तालय और जिला प्रशासन की संयुक्त समन्वय बैठक में पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण, महिला-बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर अहम निर्देश दिए गए। साथ ही गणेश मंडलों से समाजोपयोगी गतिविधियां आयोजित करने की अपील की गई।
नागपुर महानगरपालिका, पुलिस आयुक्तालय और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल पर गणेशोत्सव की तैयारियों को लेकर शनिवार को रेशीमबाग स्थित कविवर्य सुरेश भट सभागृह में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर नीता ठाकरे, पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, मनपा आयुक्त डॉ. विपीन समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न गणेश मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। गणेश मंडलों की समस्याओं को सुनकर उनका तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने गणेशोत्सव को सामाजिक एकता और नई नेतृत्व क्षमता विकसित करने वाला पर्व बताया। उन्होंने प्रत्येक मंडल से स्वयंसेवकों की मजबूत व्यवस्था रखने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही गणेश मंडलों से नशामुक्ति, रक्तदान और सामाजिक जागरूकता जैसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया गया, ताकि गणेशोत्सव युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला पर्व बने।
मनपा आयुक्त डॉ. विपीन ने गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों से आपली बस और मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने गणेश मंडलों से बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी आग्रह किया। स्वच्छता को लेकर मनपा की ओर से विशेष व्यवस्था की जाएगी। गणेश मंडलों से कचरा और निर्माल्य एक ही स्थान पर जमा करने की अपील की गई है। मनपा दिन में दो बार कचरा उठाएगी और निर्माल्य के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। इससे एकत्रित निर्माल्य से खाद और अगरबत्ती बनाने का उपक्रम भी चलाया जाएगा।
बैठक में गणेश मंडलों की ओर से यातायात व्यवस्था, विसर्जन मार्ग पर भीड़, रास्ते में आने वाले तार, पार्किंग, मच्छर नियंत्रण, निर्माल्य संकलन, सीसीटीवी, महिला सुरक्षा, ध्वनि व्यवस्था और अनुमति प्रक्रिया को लेकर कई सुझाव दिए गए। प्रशासन ने इन सभी सुझावों को दर्ज कर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव के लिए खास पहल
पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव को बढ़ावा देने के लिए नागपुर मनपा की ओर से 5,001 शाडू मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं बनाने की कार्यशाला आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला 3 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रेशीमबाग स्थित कविवर्य सुरेश भट सभागृह में होगी। इस कार्यशाला में शहर के विद्यार्थियों को अपने हाथों से शाडू मिट्टी की पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा बनाने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए यह उपक्रम पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। साथ ही गणेश मंडलों से भी कम से कम एक प्रतिनिधि को इस कार्यशाला में शामिल होने की अपील की गई है।
admin
News Admin