Akola Municipal Corporation Result: अकोला मनपा पर भाजपा का परचम, 38 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी
अकोला: अकोला मनपा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है। भाजपा बहुमत के जादुई आंकड़े से मात्र एक पार्षद दूर रह गई है। 80 सदस्यीय मनपा में भाजपा ने सबसे अधिक 38 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस 21 पार्षदों के साथ दूसरे स्थान पर रही है। मौजूदा समीकरणों को देखते हुए अकोला मनपा में एक बार फिर भाजपा का भगवा झंडा लहराने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
अकोला महानगर पालिका के 20 वार्डों की कुल 80 सीटों के लिए मतदान कराया गया था। इस चुनाव में 55.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छह जोनों में मतगणना आज सुबह 10 बजे शुरू हुई, जिसमें सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की गई। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से मतों की गणना हुई और दोपहर बाद नतीजों की तस्वीर साफ हो गई।
परिणामों के अनुसार, भाजपा को 38 सीटें मिलीं, कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) को 6 सीटें, वंचित बहुजन आघाड़ी को 5 सीटें, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) को 3, एआईएमआईएम को 3 सीटें मिलीं। वहीं शिवसेना (शिंदे गुट), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट), महानगर विकास समिति और निर्दलीय उम्मीदवारों को एक-एक सीट पर सफलता मिली है।
2017 के मनपा चुनावों की तुलना में भाजपा की सीटों में 10 की कमी दर्ज की गई है। माना जा रहा है कि पार्टी को अंदरूनी नाराजगी, बगावत और वोटों के बंटवारे का नुकसान उठाना पड़ा है। कई स्थानों पर भाजपा के बागी उम्मीदवार निर्दलीय या अन्य दलों से चुनाव लड़कर जीतने में सफल रहे। प्रभाग 20-ए में भाजपा का टिकट कटने के बाद शिवसेना ठाकरे गुट से चुनाव लड़ रहे विजय इंगले ने भाजपा उम्मीदवार को पराजित किया। वहीं प्रभाग तीन में वंचित बहुजन आघाड़ी के नीलेश देव ने कांटे के मुकाबले में भाजपा के सागर शेगोकर को हराया। प्रभाग 14 में वंचित बहुजन आघाड़ी का पूरा पैनल निर्वाचित हुआ।
कांग्रेस ने इस चुनाव में उल्लेखनीय बढ़त दर्ज करते हुए अपनी सीटों की संख्या 13 से बढ़ाकर 21 कर ली है, हालांकि कुछ वार्डों में कांग्रेस को भी वोटों के बंटवारे का नुकसान झेलना पड़ा। वार्ड क्रमांक 2 से एआईएमआईएम के तीन उम्मीदवारों की जीत दर्ज हुई। शिवसेना और दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियां अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकीं। वहीं वंचित बहुजन आघाड़ी ने अपनी ताकत बढ़ाते हुए सीटों की संख्या तीन से बढ़ाकर पांच कर ली है।
भाजपा ने मनाया जश्न
मनपा चुनाव में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद शाम को गांधी चौक पर जश्न मनाया गया। इस अवसर पर राज्य महासचिव एवं विधायक रणधीर सावरकर, सांसद अनूप धोत्रे, विधायक वसंत खंडेलवाल, पूर्व महापौर विजय अग्रवाल सहित भाजपा के पदाधिकारी और नवनिर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और जीत का उत्सव मनाया।
admin
News Admin