चंद्रपुर के भाजपा उम्मीदवार नागपुर में होंगे तय; मुनगंटीवार–अहिर–जोरगेवार की गुरुवार को निर्णायक बैठक
- पवन झबाडे
चंद्रपुर: महानगरपालिका चुनाव से शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। सभी राजनीतिक दल अंतिम रणनीति बनाने में जुट गए हैं। उम्मीदवार तय करने के निर्णायक चरण में पहुंची इस चुनावी प्रक्रिया के बीच भारतीय जनता पार्टी में आंतरिक कलह चरम पर पहुंच गई है।
भाजपा के उम्मीदवार चयन का केंद्र अब चंद्रपुर से सीधे नागपुर स्थानांतरित हो गया है। गुरुवार को नागपुर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में विधायक सुधीर मुनगंटीवार, पूर्व केंद्रीय मंत्री हंसराज अहिर और विधायक किशोर जोरगेवार शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में महानगरपालिका चुनाव के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लग सकती है।
चंद्रपुर शहर में अपने-अपने समर्थकों को टिकट दिलाने के लिए इन तीनों नेताओं को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। भाजपा के भीतर गुटबाजी और सत्ता संघर्ष इतना तीव्र हो गया है कि इसके असर अब सड़कों से लेकर सोशल मीडिया तक साफ दिखाई देने लगे हैं। मुनगंटीवार और जोरगेवार के बीच मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है।
चंद्रपुर से लेकर मुंबई तक इस आंतरिक संघर्ष की राजनीतिक गलियारों में चर्चा है। भाजपा के भीतर बढ़ती असहजता पार्टी नेतृत्व के लिए एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। उम्मीदवार चयन में किस नेता का कितना प्रभाव रहेगा, किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा और किसे समाधान तो किसे निराशा हाथ लगेगी, इसको लेकर राजनीतिक हलकों में भारी उत्सुकता बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा के विदर्भ संगठन महामंत्री उपेन्द्र कोटेकर आज नागपुर में तीनों नेताओं के साथ संयुक्त बैठक करणे वाले हैं। इस बैठक से किसी ठोस और अंतिम निर्णय के निकलने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में भाजपा के भीतर सत्ता संतुलन किस दिशा में झुकता है, यह अब स्पष्ट हो जाएगा ऐसी संभावना जताई जा रही है। महानगरपालिका चुनाव में भाजपा की दिशा, नेतृत्व और उम्मीदवारों की अंतिम सूची कैसी होगी, इस पर अब भाजपा के कार्यकर्ताओ की निगाहें टिकी हुई हैं।
admin
News Admin