Amravati: दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं! दुकान में भीषण आग, बुजुर्ग दुकानदार का लाखों का माल खाक
अमरावती: अमरावती जिले के तिवसा तहसील अंतर्गत शेंदोळा बुद्रुक में सोमवार, 9 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस आग में चप्पल-जूतों सहित बैलों की जोड़ी से जुड़ा सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। हादसे में दुकान मालिक फकीरचंद जिवलाल खरले (करीब 70 वर्ष) को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
खरले भूमिहीन मजदूर हैं और समाज कल्याण विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराई गई दुकान से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। दिवाली के त्योहार को देखते हुए उन्होंने बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में चप्पल-जूतों का माल दुकान में रखा था। लेकिन अचानक लगी आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते सारा सामान जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयासों से आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुकान में रखा पूरा सामान नष्ट होने से बुजुर्ग दुकानदार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल पंचनामा कराकर फकीरचंद खरले को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच जारी है।
admin
News Admin