यवतमाल के पांढरकवडा में 86 हेक्टेयर में नया औधोगिक क्षेत्र बनाने में तेज़ी, 550 एकड़ जमीन का चरणबद्ध तरीके से होगा अधिग्रहण
यवतमाल: यवतमाल जिले के पांढरकवडा में औद्योगिक विकास को बड़ा बढ़ावा मिलने वाला है। 86 हेक्टेयर में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को लेकर सरकार ने प्रक्रिया तेज करने के संकेत दिए हैं। उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत ने समीक्षा बैठक में इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
यवतमाल जिले की पांढरकवडा तहसील में औद्योगिक क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार सक्रिय हो गई है। केलापुर तहसील के मौजा घोंगरी में 86.08 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना का प्रस्ताव तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पालकमंत्री संजय राठोड़ और एमआईडीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मंत्री ने बताया कि इस क्षेत्र का निरीक्षण पहले ही किया जा चुका है और जमीन औद्योगिक विकास के लिए उपयुक्त पाई गई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर औपचारिक मांग नहीं आई है, फिर भी क्षेत्र में औद्योगिक विकास की जरूरत को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। साथ ही, प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है।इसके अलावा, वटफली क्षेत्र में चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई, जिसमें चरणबद्ध तरीके से जमीन अधिग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
admin
News Admin