कनाडा में पंजाबी सिंगर एमी विर्क के काफिले पर फायरिंग, चली 7 से 10 राउंड गोलियां; कॉन्सर्ट के बाद हुई घटना से मचा हड़कंप
ओटावा: मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क से जुड़े काफिले पर कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित एबॉट्सफोर्ड में गोलीबारी की घटना सामने आई है। यह घटना 5 सितंबर की रात उनके कॉन्सर्ट के बाद हुई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, एक गहरे रंग की SUV से चलती हुई एक गाड़ी पर करीब 7 से 10 राउंड फायर किए गए। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड के 2500-ब्लॉक के पास एक वाहन पर फायरिंग की गई। घटना के कुछ समय बाद घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर एक SUV आग की लपटों में घिरी मिली। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं। मामले की जांच एबॉट्सफोर्ड पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट कर रही है।
बुलेटप्रूफ रोल्स रॉयस को निशाना बनाने की थी खबर
शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि फायरिंग एमी विर्क के काफिले में शामिल बुलेटप्रूफ रोल्स रॉयस कलिनन पर हुई और उस पर करीब सात गोलियां चलीं। रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि एमी विर्क समेत चार लोग वाहन में मौजूद थे और सभी सुरक्षित बच गए। हालांकि, पुलिस ने वाहन में मौजूद लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
एमी विर्क के पिता ने किया दावा खारिज
घटना के बाद एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने उन खबरों का खंडन किया, जिनमें एमी या उनकी निजी कार को निशाना बनाए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि गोलीबारी एमी की गाड़ी से जुड़ी नहीं थी और यह घटना कथित तौर पर कॉन्सर्ट के आयोजकों और प्रमोटरों से संबंधित थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एमी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पुलिस की जांच जारी
एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने घटना को शुरुआती तौर पर टारगेटेड शूटिंग माना है, लेकिन हमले का मकसद और निशाना कौन था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और डैशकैम फुटेज रखने वालों से जांच में सहयोग की अपील की है। फिलहाल मामले में किसी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।
एमी विर्क पंजाबी संगीत और फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार हैं। वह ‘किस्मत’ जैसे लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स के अलावा हिंदी फिल्मों ‘83’, ‘बैड न्यूज’ और ‘खेल खेल में’ में भी नजर आ चुके हैं।
admin
News Admin