भूमि अधिग्रहण के मुआवजे पर किसान आक्रामक! गुदमा–प्रतापबाग रेल लाइन के विरोध में 7 सितंबर को रास्ता रोको का ऐलान
गोंदिया: गोंदिया जिले में प्रस्तावित गुदमा–प्रतापबाग नई रेलवे लाइन के लिए हो रहे भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों का आरोप है कि अधिग्रहित की जा रही जमीन, मकान, प्लॉट और दुकानों के मुकाबले उन्हें बेहद कम मुआवजा दिया जा रहा है। इसी के विरोध में किसान जमीन बचाव संघर्ष समिति ने 7 सितंबर को गोंदिया के कटंगी नाका, बालाघाट रोड पर रास्ता रोको आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
गोंदिया तहसील के अंतर्गत गुदमा से प्रतापबाग तक प्रस्तावित नई रेलवे लाइन के लिए कई किसानों की जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसमें खेती की जमीन के साथ-साथ प्लॉट, मकान और दुकानें भी शामिल हैं। किसान जमीन बचाव संघर्ष समिति का दावा है कि शासन की ओर से दिया जा रहा मुआवजा और जमीन का वास्तविक बाजार भाव, दोनों में काफी अंतर है। इसी वजह से किसानों ने कम मुआवजे पर जमीन देने से इनकार करने का फैसला लिया है।
समिति के मुताबिक कटंगी कला, नागरा, हलबी टोला, सावरी, गर्रा, गोंदिया खुर्द, पोवारी टोला, दतोरा, खमारी और चुलोद क्षेत्र के किसान भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया से प्रभावित हैं। इसी मुद्दे को लेकर 23 अगस्त 2026 को कटंगी कला ग्राम पंचायत में भू-धारकों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कम मुआवजा स्वीकार नहीं करने और अपनी मांगों को लेकर संघर्ष करने का निर्णय लिया गया।
किसानों की प्रमुख मांग है कि अधिग्रहित जमीन, मकान, प्लॉट और दुकानों के लिए बाजार भाव का चार गुना मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा यदि किसी किसान की आधी जमीन अधिग्रहित की जाती है, तो बची हुई जमीन के उचित मुआवजे की भी मांग की गई है। वहीं, रेलवे लाइन बनने के बाद यदि खेतों तक पहुंचने वाले पारंपरिक रास्ते यानी पांदण रास्ते बंद होते हैं, तो किसानों को वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग भी समिति ने की है।
किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो 7 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे कटंगी नाका, बालाघाट रोड, गोंदिया में रास्ता रोको आंदोलन किया जाएगा। हालांकि समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा और एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड के वाहनों को रास्ता नहीं रोका जाएगा। अब सवाल है कि किसानों के इस आंदोलन से पहले जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है? क्या किसानों की मुआवजे की मांग पर कोई समाधान निकलेगा? या फिर 7 सितंबर को गोंदिया में रास्ता रोको आंदोलन होगा? इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
admin
News Admin