Gondia: गोंदिया की महारानी को नागपुर के भक्त ने चढ़ाया 15 लाख का सोने का हार! मनोकामना पूरी होने की भावना से भक्त ने दी स्वर्ण भेंट
गोंदिया: गोंदिया की महारानी के दरबार में एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति की अनोखी मिसाल देखने को मिली है। गोंदिया शहर की प्रसिद्ध दुर्गा माता, जिन्हें भक्त ‘गोंदिया की महारानी’ के नाम से जानते हैं, उनके चरणों में नागपुर के एक श्रद्धालु ने 15 लाख रुपये कीमत का सोने का हार अर्पित किया है। मनोकामना पूरी होने की भावना के साथ पुरा परिवार गोंदिया पहुंचा और माता रानी को यह कीमती स्वर्णहार समर्पित किया। खास बात यह है कि पिछले सात वर्षों से चली आ रही सोने-चांदी के आभूषण अर्पित करने की परंपरा इस वर्ष भी जारी रही है।
सालों से चल रही आभूषणों को अर्पित करने की परंपरा
कहते हैं कि सच्चे मन से मांगी गई मुराद माता रानी जरूर पूरी करती हैं। इसी आस्था और विश्वास के चलते गोंदिया की महारानी के दरबार में हर साल श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार कीमती भेंट अर्पित करते हैं। इस वर्ष नागपुर के एक भक्त ने 15 लाख रुपये कीमत का सोने का हार माता के चरणों में अर्पित किया है। गौरतलब है कि पिछले सात वर्षों से गोंदिया की महारानी के दरबार में सोने के हार और चांदी की विभिन्न वस्तुएं अर्पित करने की परंपरा चली आ रही है।
इससे पहले भी छह श्रद्धालु माता रानी को सोने के कीमती हार भेंट कर चुके हैं। इनमें साढ़े तीन फीट लंबा सोने का हार और 11 तोले का रानीहार जैसे बहुमूल्य आभूषण शामिल हैं। इतना ही नहीं, एक श्रद्धालु ने तीन किलो वजन का चांदी का छत्र, जबकि दूसरे भक्त ने एक किलो वजन की चांदी की चरणपादुकाएं और चांदी की तीन पूजा थालियां अर्पित की थीं। माता रानी के प्रति श्रद्धा का यह सिलसिला केवल महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं है। पिछले वर्ष ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहने वाले एक श्रद्धालु ने भी गोंदिया की महारानी को सोने की ठुशी अर्पित की थी। वहीं, इस वर्ष नागपुर के भक्त की ओर से 15 लाख रुपये का स्वर्णहार अर्पित किए जाने से माता के दरबार में भक्ति और समर्पण की परंपरा एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
हर साल हो रहा हैं श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत
गोंदिया की महारानी का नवरात्रोत्सव केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं का भी संगम है। उत्सव के दौरान वारकरी संप्रदाय के लोग, स्थानीय श्रद्धालु और कलाकार विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी कला प्रस्तुत करते हैं। गोंदिया जिले के अलावा भंडारा, नागपुर, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और वर्धा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वहीं, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से भी भक्त गोंदिया की महारानी के दरबार में हाजिरी लगाने आते हैं।
नवरात्रि के दौरान यहां भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है।एक ओर माता रानी के दर्शन के लिए उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़, तो दूसरी ओर मनोकामना पूरी होने की भावना से अर्पित किए जाने वाले सोने-चांदी के कीमती आभूषण। नागपुर के भक्त द्वारा अर्पित 15 लाख रुपये के स्वर्णहार ने एक बार फिर गोंदिया की महारानी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और वर्षों से चली आ रही भेंट अर्पित करने की परंपरा को सामने ला दिया है। गोंदिया की महारानी के दरबार में आस्था, भक्ति और समर्पण की यह परंपरा हर साल श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करती नजर आ रही है।
admin
News Admin