Amravati: बावनकुले की चेतावनी: शिक्षकों का चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हुआ तो रद्द होगी संस्था की मान्यता!
अमरावती: अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और भाजपा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने पंजाबराव देशमुख द्वारा स्थापित श्री शिवाजी शिक्षण संस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बावनकुले ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षकों को स्कूलों में छुट्टी देकर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित करते हुए चुनाव प्रचार में लगाया जाएगा, तो इस मामले की विशेष जांच टीम (SIT) से जांच कराई जाएगी। साथ ही संस्था की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
बावनकुले ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में इस मामले की जांच के लिए विशेष समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षण संस्थाओं में राजनीति के लिए शिक्षकों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, भाजपा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने भी श्री शिवाजी शिक्षण संस्था के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि संस्था के शिक्षकों और प्राध्यापकों को कॉलेजों में शैक्षणिक कार्य करने के बजाय चुनाव प्रचार में लगाया जा रहा है। उनके अनुसार, इससे कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बोंडे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शिक्षकों पर चुनाव प्रचार में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए नहीं होना चाहिए। इस मामले में श्री शिवाजी शिक्षण संस्था का पक्ष सामने आना बाकी है।
admin
News Admin