Ramtek: दुकानदार और नगर परिषद प्रशासन विवाद में बर्वे की एंट्री से शिवसेना-कांग्रेस के बीच बढ़ी टकराव की संभावना
नागपुर: नागपुर जिले की रामटेक तहसील अंतर्गत रामटेक गढ़ मंदिर परिसर में दुकानदारों और नगर परिषद प्रशासन के बीच जगह को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। इस पूरे मामले पर रामटेक के सांसद श्याम कुमार बर्वे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नगर परिषद प्रशासन को दुकानदारों के लिए पहले उचित व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि रामटेक में फुटपाथ दुकानदारों की भी जरूरत है और उनके रोजगार का ध्यान रखा जाना चाहिए।
रामटेक गढ़ मंदिर परिसर में दुकानदारों और नगर परिषद प्रशासन के बीच गतिरोध बढ़ने के बाद नगराध्यक्ष विकेंद्र महाजन और नगरसेवकों की भूमिका को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। मंदिर परिसर में स्थित दुकानदारों को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब धीरे-धीरे राजनीतिक रूप लेता जा रहा है।
इस मामले में दुकानदारों ने नगर परिषद मुख्याधिकारी पल्लवी राऊत समेत अन्य अधिकारियों के खिलाफ उपविभागीय पुलिस अधिकारी रमेश बरकते और रामटेक उपविभागीय राजस्व अधिकारी प्रियेश महाजन को लिखित शिकायत दी है। दुकानदारों का कहना है कि उनकी मांगों पर प्रशासन को सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए।
वहीं, सांसद श्याम कुमार बर्वे के हस्तक्षेप के बाद इस पूरे मामले में शिवसेना और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव की संभावना भी बढ़ गई है। दूसरी ओर, रामटेक गढ़ मंदिर परिसर के दुकानदार अपनी मांगों पर अब भी अड़े हुए हैं और उचित समाधान की मांग कर रहे हैं।
admin
News Admin