Nagpur: शहर के श्मशान घाटों का होगा कायाकल्प; महापौर नीता ठाकरे ने बुनियादी ढांचा मजबूत करने के दिए निर्देश
नागपुर: नागपुर शहर के सभी श्मशान घाटों (दहन घाट) की स्थिति सुधारने और वहां बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए महापौर श्रीमती नीता ठाकरे ने प्रशासन को कड़े निर्देश दिए हैं। सोमवार को डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागार में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में महापौर ने अधिकारियों से सभी घाटों की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
इस बैठक में उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दानी-वखरे, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर सहित अतिरिक्त आयुक्त अंकित और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सुरक्षा दीवार और गार्ड तैनात करने के आदेश
बैठक के दौरान महापौर ने स्पष्ट किया कि श्मशान घाटों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि, सभी श्मशान घाटों के चारों ओर सुरक्षा दीवार (बाउंड्री वॉल) का निर्माण जल्द से जल्द किया जाए। असामाजिक तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए वहां तुरंत सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति की जाए। घाटों के सौंदर्यीकरण के लिए अन्य विकसित शहरों के मॉडल का अध्ययन किया जाए।
अतिक्रमण पर चलेगा डंडा
शहर के कई श्मशान घाटों के रास्तों पर अतिक्रमण की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे अंतिम यात्रा ले जाने में नागरिकों को परेशानी होती है। महापौर ने इस पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को आदेश दिया कि अतिक्रमण करने वालों को तत्काल नोटिस जारी करें और रास्ते साफ कराएं। उन्होंने प्रशासन को अगले 8 दिनों के भीतर सभी 21 घाटों की सुविधाओं और कर्मचारियों की संख्या पर एक विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
वाठोडा और पारडी घाट की समस्या पर चर्चा
बैठक में मौजूद विधायक कृष्णा खोपडे ने वाठोडा और पारडी श्मशान घाटों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वाठोडा घाट की जमीन पर अतिक्रमण हो चुका है और पारडी घाट पर सुरक्षा दीवार नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से इन समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
admin
News Admin