logo_banner
Breaking
  • ⁕ Shardiya Navratri 2026: नागपुर सहित विदर्भ में नवरात्रि की धूम, देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ⁕
  • ⁕ महाराष्ट्र में जल संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला, राज्य के सभी जलस्रोतों का पानी पीने के लिए किया आरक्षित ⁕
  • ⁕ संवैधनिक संस्थाओ के खिलाफ अविश्वास पैदा करना चाहता है विपक्ष, मुख्यमंत्री फडणवीस बोले- देश में वामपंथी शासन लाना चाहते हैं राहुल गांधी ⁕
  • ⁕ देऊळगांव राजा में दो गुटों में खूनी संघर्ष, नगरसेवक समेत दो की मौत; पुलिस स्टेशन के सामने हुआ बवाल ⁕
  • ⁕ मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री शिंदे में मतभेद! विजय वडेट्टीवार ने किया बड़ा दावा, मंत्री जायसवाल ने कांग्रेस नेता को दी सधी हुई सलाह ⁕
  • ⁕ त्योहारों पर नागपुर और न्यू अमरावती के यात्रियों को बड़ी राहत, मध्य रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेनें ⁕
  • ⁕ Chandrapur: चंद्रपुर का राजा’ गणेश मंडल पर रामनगर पुलिस थाने में FIR ⁕
  • ⁕ Amravati: अमरावती में शिवसेना यूबीटी ने निकाला मार्च, कर्जमाफी सहित 1 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की मदद देने की मांग ⁕
  • ⁕ Yavatmal: वणी में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत ⁕
  • ⁕ Nagpur: ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे ASI रविंद्र कोकांडे की अचानक बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत ⁕
Amravati

महिला अस्पताल अग्निकांड: 3 नवजात शिशुओं की मौत के बाद अस्पताल पहुंचीं चित्रा वाघ, यशोमती ठाकुर ने भाजपा नेताओं के दौरे को बताया 'पर्यटन यात्रा'


अमरावती: जिला महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में लगी भीषण आग और तीन नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत के बाद महाराष्ट्र में सियासी पारा चढ़ गया है। शनिवार को भाजपा नेता व विधायक चित्रा वाघ ने अस्पताल का दौरा कर हालात का जायजा लिया और मामले की उच्चस्तरीय पुलिस जांच की मांग उठाई। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने भाजपा नेताओं के दौरों पर तीखा हमला बोलते हुए इसे 'तमाशा' और 'पर्यटन यात्रा' करार दिया है। 

अस्पताल पहुंचीं चित्रा वाघ, पुलिस जांच की मांग
शनिवार को भाजपा विधायक चित्रा वाघ अमरावती जिला महिला अस्पताल पहुंचीं और अग्निकांड से प्रभावित SNCU आईसीयू वॉर्ड का मौका मुआयना किया। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. विनोद पवार से घटना के कारणों और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद चित्रा वाघ ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला है, जिसकी निष्पक्ष पुलिस जांच होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी (सार्वजनिक निर्माण विभाग) झूठ बोल रहा है या अस्पताल प्रशासन, यह जांच के बाद ही साफ होगा। अस्पताल प्रशासन ने फायर ऑडिट को लेकर जो पत्राचार किया था, उस पर अमल हुआ या नहीं, इसकी पूरी पड़ताल कराई जाएगी। वाघ ने स्पष्ट किया कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। 

'अस्पताल को पर्यटन स्थल बना दिया'- ठाकुर 
दूसरी तरफ, कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री यशोमती ठाकुर ने सरकार के कामकाज और नेताओं के दौरों पर तीखे सवाल खड़े किए। यशोमती ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अस्पताल में आकर नेता सिर्फ तमाशा कर रहे हैं, धरातल पर सरकार का कोई काम नजर नहीं आ रहा है। ठाकुर ने कहा, "सरकार में बैठे जनप्रतिनिधि रोज किसी हीरो-हीरोइन की तरह अस्पताल में पर्यटन करने आ रहे हैं और नाटक-तमाशा कर रहे हैं। प्रशासन पर सरकार की कोई पकड़ या धाक नहीं बची है।"

उन्होंने कहा, "अमरावती में इतना बड़ा हादसा हो गया, लेकिन जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले अब तक यहां नहीं पहुंचे। उनका पानीपुरी खाते हुए वीडियो सामने आ रहा है, जो बेहद असंवेदनशील है। सरकार ने हनुमान गढ़ी के लिए 121 करोड़ रुपये का फंड तुरंत जारी कर दिया, लेकिन जिला महिला अस्पताल की सुरक्षा और बुनियादी सुधारों के लिए जरूरी 9 करोड़ रुपये नहीं दिए। यह सरकार का अमरावती के प्रति सौतेला व्यवहार और खुली उपेक्षा है।"