Buldhana: आंधी-तूफान ने छीना किसान का निवाला; 2 एकड़ में पपीते की फसल तबाह, लाखों का नुकसान
बुलढाणा: कुदरत की मार ने एक बार फिर किसान की कमर तोड़ दी है। बुलढाणा जिले के चिखली तहसील अंतर्गत आने वाले तोरणवाड़ा गांव में कल शाम आए भीषण आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में किसान रवींद्र खराटे की दो एकड़ में लहलहाती पपीते की फसल पूरी तरह उजड़ गई है।
जमींदोज हुए पपीते के पेड़, 100 क्विंटल फसल बर्बाद
तेज हवाओं का वेग इतना भयानक था कि खेत में लगे लगभग 65 पपीते के पेड़ जड़ से उखड़कर जमीन पर गिर गए। किसान रवींद्र खराटे ने बड़ी उम्मीदों के साथ दो एकड़ में पपीते की बागवानी की थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस तबाही में लगभग 100 क्विंटल पपीता खराब हो गया है, जिससे किसान को करीब 1 लाख रुपये की आय की उम्मीद थी।
कृषि विभाग ने किया पंचनामा
घटना की जानकारी मिलते ही तालुका कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर नुकसान का मुआयना किया। अधिकारियों ने खेतों में जाकर गिरे हुए पेड़ों और बर्बाद हुई फसल का पंचनामा किया है, ताकि नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजी जा सके।
आर्थिक मदद की गुहार
हाथों में आई फसल के इस तरह बर्बाद होने से किसान रवींद्र खराटे गहरे संकट में हैं। उन्होंने भावुक होते हुए सरकार से मांग की है कि, उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। प्राकृतिक आपदा के तहत उचित मुआवजा मिले ताकि वह दोबारा खड़ा हो सकें।
admin
News Admin