रीवा-इतवारी एक्सप्रेस में 6.68 लाख के आभूषण चोरी का मामला, ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ में 4 आरोपी दो दिन में गिरफ्तार
नागपुर: रेलवे सुरक्षा बल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत एक सफल कारवाई को अंजाम दिया है। रीवा-इतवारी एक्सप्रेस में यात्री का ट्रॉली बैग चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के चार आरोपियों को महज दो दिनों के भीतर गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से करीब 6 लाख 68 हजार रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
यह घटना 28 फरवरी की है। ट्रेन नंबर 11754 रीवा-इतवारी एक्सप्रेस के कोच बी-3, के बर्थ नंबर 12 और 15 पर सफर कर रहे एक यात्री ने यात्रा के दौरान अपना लेदर ट्रॉली बैग बर्थ के नीचे रखा था। 1 मार्च को गोंदिया स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद जब यात्री की नींद खुली तो बैग गायब था। बैग में रखे ज्वेलरी बॉक्स में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण थे, जिनकी कुल कीमत 6 लाख 68 हजार रुपये बताई गई है।
यात्री ने घटना की शिकायत शासकीय रेल पुलिस इतवारी में दर्ज कराई, जिसके बाद मामला क्षेत्राधिकार के आधार पर जीआरपी गोंदिया को ट्रांसफर किया गया। रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की रेल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय किया।
विशेष टास्क टीम और क्राइम टीम गठित की गई। बालाघाट और गोंदिया स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों की पहचान की गई।आरोपियों की गतिविधियां रायपुर स्टेशन के CCTV में भी ट्रेस हुईं। इसके बाद रायपुर के होटलों और स्टेशन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जहां एक धर्मशाला में उनके ठहरने की पुष्टि हुई।
आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के जरिए लोकेशन ट्रैक कर आरोपियों को मध्य प्रदेश के कटनी और मैहर क्षेत्र में चिन्हित किया गया। रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस के संयुक्त प्रयास से चारों आरोपियों को चोरी किए गए ट्रॉली बैग और सोने के आभूषणों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी गोंदिया को सौंप दिया गया है।
admin
News Admin