Chandapur: अपहरण किये गये मासूम की 20 घंटे में बरामदगी; तेलंगाना की पांच महिलाएं गिरफ्तार
चंद्रपुर: जिले के बल्लारपुर रेलवे स्टेशन परिसर से माता-पिता की गोद से अगवा किए गए तीन वर्षीय मासूम को पुलिस ने महज 20 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में तेलंगाना की महिला गिरोह द्वारा बच्चे को साढ़े तीन लाख रुपये में बेचने का खुलासा हुआ है। स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित परिजनों के हवाले कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ऐलक्का बुद्दे, रानी पसनोटी, संगीता पानंगणती, सातक्का चंद्रया करेरे और लावण्या कुमारस्वामी कोणा शामिल हैं। सभी आरोपी मंचेरियल (तेलंगाना) की निवासी हैं। दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। घटना 27 फरवरी की रात की है, जब रेलवे स्टेशन परिसर में सो रहे परिवार के बच्चे का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया।
28 फरवरी की सुबह शिकायत दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा और बल्लारपुर पुलिस की सात टीमें जांच में जुट गईं। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक चारपहिया वाहन से बच्चे को मंचेरियल ले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर पांचों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने दो पुरुष साथियों के साथ मिलकर बच्चे के माता-पिता पर नजर रखने और आधी रात को अपहरण करने की बात कबूल की है। बाद में बच्चे को 3 लाख 50 हजार रुपये में बेच दिया गया। इस गिरोह ने पहले और कितने बच्चों का अपहरण किया है, इसकी जांच जारी है।
admin
News Admin