Nagpur: अफवाह ने बढ़ाया बवाल, हिंगणा में ‘बच्चा चोरी’ के शक में बुजुर्ग महिला से मारपीट
नागपुर: नागपुर के हिंगणा स्थित रायपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक अफवाह के कारण हड़कंप मच गया। जहां 60 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला को लोगों ने बच्चा चोर समझकर घेर लिया और कुछ महिलाओं ने उसके साथ मारपीट भी की। घटना रायपुर स्थित नेहरू विद्यालय के पास सुबह करीब 10 बजे की है।
जानकारी के अनुसार एक चार साल की बच्ची किराना दुकान की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते से गुजर रही बुजुर्ग महिला ने बच्ची से बात करने की कोशिश की। बच्ची की मां और आसपास मौजूद महिलाओं को यह संदिग्ध लगा और उन्होंने महिला को पकड़ लिया।
महिला के पास एक बड़ी प्लास्टिक की थैली और कुछ दवाइयां थीं। इसी आधार पर लोगों ने अंदाजा लगाया कि वह बच्ची को नशीली दवा देकर थैली में भरकर ले जाने वाली है। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और कुछ महिलाओं ने उसे थप्पड़ भी मार दिए।
घटना की सूचना मिलते ही हिंगणा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से बचाकर थाने ले गई। पूछताछ में पता चला कि महिला इसासनी इलाके की रहने वाली है और वानाडोंगरी स्थित शालिनीताई मेघे अस्पताल में इलाज के लिए गई थी। इलाज के बाद वह रास्ता भटक गई और किसी वाहन से हिंगणा-रायपुर इलाके में पहुंच गई।
पुलिस द्वारा परिवार से संपर्क करने पर उसके तीनों बेटे और बहुएं थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
इधर, घटना के दौरान किसी ने महिला को पकड़ने का वीडियो बना लिया और बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर ‘बच्चा चोरी’का मामला बताकर वायरल कर दिया। इससे पूरे हिंगणा इलाके में डर और अफवाह का माहौल बन गया।
पुलिस अब सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वाले लोगों की भी जांच कर रही है और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना की पुष्टि किए बिना अफवाह न फैलाएं।
admin
News Admin