Nagpur: जरिपटका में महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, 48 घंटे में पुलिस ने पकड़ा आरोपी प्रेमी
नागपुर: नागपुर के जरिपटका इलाके में खेत में क्षत विक्षत हालत में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके ही प्रेमी ने चरित्र के शक में की थी और बाद में शव को खेत में बने एक कमरे में फेंक कर फरार हो गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, होली के तीसरे दिन नागपुर के नारा इलाके के साई लेआउट के पास एक खेत में बने कमरे में एक महिला का सड़ा-गला शव मिला था। खेत मालिक को खेत में तेज बदबू आने पर शक हुआ और जब उन्होंने देखा तो उन्हें महिला का डी कंपोसड शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत जरिपटका पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया। शव की हालत काफी खराब होने के कारण शुरुआत में पुलिस के पास कोई ठोस सुराग नहीं था, जिससे जांच चुनौतीपूर्ण बन गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला के साथ मारपीट हुई थी और जिससे गर्भाशय की थैली फटने और अंदरूनी रक्तस्राव से उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक महिला 35 दासिया उईके मजदूरी का काम करती थी और उसका प्रेम संबंध राजेंद्र उर्फ रज्जू यादव नाम के मजदूर से था। दोनों अक्सर साथ में काम करते और शराब पीते थे।
होली की रात दोनों के बीच चरित्र को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में रज्जू ने दासिया के पेट पर लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को इस जगह फेंक दिया और मध्यप्रदेश के छपारा भाग गया।
जरिपटका पुलिस के अपराध खोज पथक ने जांच की कड़ियां जोड़ते हुए आखिरकार आरोपी को मध्यप्रदेश के छपारा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के सामने आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है।
admin
News Admin