Nagpur: जरीपटका क्षेत्र में खेत के कमरे से महिला की लाश बरामद, अर्धनग्न और सड़ी-गली हालत में मिला शव
नागपुर: नागपुर के जरीपटका थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नारा गांव के एक खेत में बने कमरे से एक अज्ञात महिला की अर्धनग्न और सड़ी-गली लाश बरामद हुई है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नारा बस्ती निवासी 63 वर्षीय मोरेश्वर रामाजी तलेकर की ओम शांति नगरी, शिव मंदिर के पास करीब 7 एकड़ खेती है। खेत की देखरेख के लिए उन्होंने पिछले 10 वर्षों से सोनू उर्फ गोलू अरुण जिभे को काम पर रखा हुआ है। बताया जा रहा है कि खेत के एक हिस्से को ईंट भट्ठे के लिए किराये पर दिया गया है, जबकि दूसरी तरफ 10×10 के पांच छोटे कमरे बने हुए हैं, जिनका इस्तेमाल पहले मवेशियों का चारा रखने के लिए किया जाता था। इनमें से कुछ कमरे किराये पर भी दिए गए हैं।
8 मार्च की सुबह करीब 7 बजे खेत की देखरेख करने वाले कर्मचारी सोनू उर्फ गोलू ने मोरेश्वर तलेकर को सूचना दी कि कमरे नंबर 4 में करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलने के बाद जरीपटका पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर देखा गया कि महिला का शव अर्धनग्न और सड़ी-गली हालत में था, तथा शरीर में कीड़े लग चुके थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की मौत कई दिन पहले हुई होगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल जरीपटका पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
admin
News Admin