Nagpur: कामठी में दर्दनाक हादसा: एसबीआई बैंक के सामने डिवाइडर से टकराई बाइक, 28 वर्षीय युवक की मौत
नागपुर: कामठी-नागपुर मार्ग पर गरुड़ चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दिवाली की खरीदारी कर घर लौट रहे युवक की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर मेट्रो रेल निर्माण कार्य के डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान रोहित कुमार धुर्वे (28), निवासी पुरानी कामठी, तहसील पारशिवनी के रूप में हुई है। नवीन कामठी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार धुर्वे मोटरसाइकिल क्रमांक MH-40-V-4603 से कामठी शहर में दिवाली के लिए नए कपड़े और अन्य सामान खरीदने आए थे। खरीदारी करने के बाद सोमवार दोपहर करीब 3 बजे वह अपने घर पुरानी कामठी लौट रहे थे।
इसी दौरान गरुड़ चौक स्थित स्टेट बैंक के सामने मेट्रो रेल निर्माण कार्य के चलते सड़क पर बने डिवाइडर के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद नागरिकों ने उन्हें तत्काल कामठी-नागपुर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नवीन कामठी पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक सतीश पवार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का पंचनामा किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल नवीन कामठी पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। दिवाली की खरीदारी कर घर लौट रहे युवक की अचानक हुई मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
admin
News Admin