नासिक TCS धर्मांतरण मामला: AIMIM नेता इम्तियाज जलील के खिलाफ FIR दर्ज, निदा खान को शरण देने का आरोप
नासिक/छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के चर्चित TCS धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। AIMIM के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद इम्तियाज जलील की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नासिक पुलिस ने मुख्य आरोपी निदा खान को कथित तौर पर शरण देने के आरोप में इम्तियाज जलील के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विशेष जांच दल (SIT) की जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई किए जाने की जानकारी है। इस घटनाक्रम के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के कार्यालय में महिला कर्मचारियों के कथित यौन उत्पीड़न, शोषण और धर्मांतरण के दबाव से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं। मामले में कई FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया था। जांच के दौरान आरोपी निदा खान को फरार रहने के दौरान कथित रूप से शरण देने का मामला भी सामने आया।
जांच में मतीन पटेल का नाम भी आया था सामने
इस मामले में AIMIM के नगरसेवक मतीन पटेल पर निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर में अपने यहां पनाह देने का आरोप लगा था। पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, पूछताछ के दौरान मतीन पटेल ने निदा खान के ठिकाने के बारे में सवाल किए जाने पर बार-बार इम्तियाज जलील का नाम लिया था। अब इसी मामले में इम्तियाज जलील के खिलाफ भी FIR दर्ज होने से जांच का दायरा बढ़ गया है।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
TCS प्रकरण पहले से ही महाराष्ट्र में राजनीतिक बहस का मुद्दा बना हुआ है। अब पूर्व सांसद इम्तियाज जलील के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद इस मामले ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। पुलिस की जांच जारी है और अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई में क्या तथ्य सामने आते हैं। फिलहाल, इम्तियाज जलील के खिलाफ लगाए गए आरोपों की न्यायिक पुष्टि होना बाकी है।
admin
News Admin