Nagpur: गड्डीगोदाम में गोवंश की अवैध कटाई की तैयारी का पर्दाफाश, 30 मवेशी बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार
नागपुर: नागपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गड्डीगोदाम इलाके में गोवंश की अवैध कटाई के लिए उन्हें बांधकर रखने का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच यूनिट 2 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए 30 गोवंश को बरामद किया और दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं, मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच यूनिट 2 की टीम को शुक्रवार सुबह गड्डीगोदाम मस्जिद के पास एक कमरे में गोवंश को अवैध कटाई के उद्देश्य से बांधकर रखे जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
इस दौरान मोहम्मद अनीस अब्दुल हमीद कुरैशी और साबिर अयूब कुरैशी गड्डीगोदाम, निवासी को हिरासत में लिया गया। वहीं, मोहम्मद उमर मोहम्मद महबूब कुरैशी फरार बताया जा रहा है।
कार्रवाई में पुलिस ने कुल 30 मवेशी बरामद किए, जिनमें 19 गाय, 3 बैल और 8 बछड़े शामिल हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी 30 मवेशियों को सुरक्षित देखभाल के लिए धंतोली स्थित गोशाला के सुपुर्द कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है जिस की आगे की जांच अब सदर पुलिस कर रही है।
admin
News Admin