Nagpur: दिघोरी के यश अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद नवजात की मौत, आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज
नागपुर: दिघोरी स्थित यश अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद नवजात की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल को सील करने की मांग भी की है। वहीं, सक्करदरा पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ताजाबाद निवासी एक गर्भवती महिला को शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे दिघोरी स्थित यश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे महिला की सिजेरियन डिलीवरी की गई। डिलीवरी के बाद नवजात में कोई हलचल दिखाई नहीं दी। जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया।
इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और अस्पताल को सील करने की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। नवजात का पोस्टमार्टम कराया गया है और अब मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सक्करदरा पुलिस के मुताबिक, मामले में आकस्मिक मृत्यु दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच से संबंधित जानकारी मेडिकल काउंसिल को भेजी जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नवजात की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों पर है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
admin
News Admin