logo_banner
Breaking
  • ⁕ देवेंद्र फडणवीस और RSS प्रमुख मोहन भागवत की मुलाकात, करीब 30 मिनट तक हुई चर्चा ⁕
  • ⁕ महाराष्ट्र सरकार में फेरबदल की अटकलों पर प्रतापराव जाधव का बयान, बोले- एकनाथ शिंदे नाराज़ नहीं ⁕
  • ⁕ चुनाव आते ही उर्दू स्कूलों की याद क्यों? किरण सरनाईक पर यशोमती ठाकुर का निशाना ⁕
  • ⁕ शिक्षकों का चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हुआ तो रद्द होगी संस्था की मान्यता! चंद्रशेखर बावनकुले की चेतावनी ⁕
  • ⁕ अनिल बोंडे का बागी उम्मीदवार डॉ. संगीता शिंदे को आशीर्वाद, महायुति में बढ़ी कलह ⁕
  • ⁕ Nagpur: सामान वेतन सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर न्यायिक कर्मचारी संघ का प्रदर्शन ⁕
  • ⁕ Akola: काटेपूर्णा और मोर्णा बांध से मिलेगा 24.03 दलघमी पानी, शहर की जलापूर्ति को राहत ⁕
  • ⁕ Chandrapur: पति के सामने बाघ ने महिला पर किया हमला, खेत में काम करते समय दर्दनाक मौत..! ⁕
  • ⁕ Buldhana: 'हमें भीख नहीं, मदद चाहिए', बुलढाणा में किसान संघ ने कद्दू और चॉकलेट देकर सरकार के खिलाफ निकाला गुस्सा.. ⁕
  • ⁕ Nagpur: ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे ASI रविंद्र कोकांडे की अचानक बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत ⁕
Chandrapur

चंद्रपुर में प्रेम संबंधों का खौफनाक अंत! कार से ले जाकर दफनाया शव; प्रेमी के खौफनाक कांड से सनसनी


चंद्रपुर: पिछले तीन से चार वर्षों से चल रहे प्रेम संबंधों में प्रेमिका के कथित मानसिक दबाव और लगातार विवादों से परेशान होकर एक व्यक्ति ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से आरोपी ने शव को अपनी कार में डालकर नागपुर जिले के हिंगणा क्षेत्र में ले जाकर दफना दिया। हालांकि, घटना के तीन दिन बाद 17 अक्टूबर को आरोपी खुद चंद्रपुर शहर पुलिस थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस घटना से जिले में सनसनी फैल गई है। आरोपी की पहचान संतोष साखरकर (45), निवासी तुकूम, चंद्रपुर के रूप में हुई है।

संतोष विवाहित है और पिछले तीन से चार वर्षों से एक विवाहित महिला के साथ उसके प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार, महिला के कथित रूप से अत्यधिक अधिकार जताने वाले व्यवहार के कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। महिला चाहती थी कि संतोष केवल उसी से बात करे और उसके साथ ही रहे। परिवार और बच्चों पर ध्यान देने को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होते थे। इससे संतोष मानसिक रूप से परेशान था।

इसी बीच, 14 अक्टूबर को संतोष और उसकी प्रेमिका आरवट जंगल क्षेत्र में मिलने गए थे। वहां इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर संतोष ने महिला का हाथों से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

कार से शव लेकर हिंगणा पहुंचा, गड्ढा खोदकर दफनाया

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने महिला के शव को अपनी कार में रखा और नागपुर जिले के हिंगणा क्षेत्र में पहुंचा। वहां एक सुनसान जगह पर गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और वापस चंद्रपुर लौट आया। हत्या के बाद तीन दिनों तक आरोपी बेचैन रहा। आखिरकार 17 अक्टूबर को वह खुद चंद्रपुर शहर पुलिस थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

तहसीलदार की मौजूदगी में निकाला गया शव

आरोपी से जानकारी मिलने के बाद चंद्रपुर शहर पुलिस की टीम तत्काल हिंगणा पहुंची। वहां कार्यकारी दंडाधिकारी तथा तहसीलदार की मौजूदगी में नियमानुसार पंचनामा कर खुदाई की गई और महिला का शव बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल, चंद्रपुर भेज दिया गया है। इस मामले में चंद्रपुर शहर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक शाम गव्हाणे, एपीआई युवराज सहारे, राकेश फुकट, मोरेश्वर शिंदे, रोशन भोईंकर, लीना काठवले सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने की।