अमरावती नवजात बिक्री मामले की जाँच तेज, पुलिस ने चार बच्चों को किया बरामद; अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार
अमरावती: अमरावती के चर्चित नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने अब तक चार बच्चों को अपने कब्जे में लिया है, जबकि इस मामले में आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। बच्चों को खरीदने वाले दंपतियों को भी पुलिस ने सह-आरोपी बनाया है। वहीं, डॉक्टर वैशाली भोजने की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
अमरावती शहर के बहुचर्चित नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बुटी प्लॉट इलाके की डॉ. वैशाली भोजने पर कई दंपतियों से नकद पैसे लेकर बच्चों को बेचने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद अक्टूबर महीने में फ्रेजरपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर डॉ. भोजने और उनके पति को हिरासत में लिया था।
पुलिस हिरासत के दौरान हुई पूछताछ में कई दंपतियों को बच्चे बेचे जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अब तक चार बच्चों को अपने कब्जे में लिया है। इनमें वर्धा जिले से एक, अकोला जिले के अकोट तहसील से एक और अचलपुर से भी बच्चे बरामद किए गए हैं।
इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। डॉ. भोजने से पैसे देकर बच्चे खरीदने वाले माता-पिता को भी पुलिस ने सह-आरोपी बनाया है। इसके अलावा इस पूरे मामले में डॉक्टर की मदद करने वाले अस्पताल के कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है।
अब तक इस मामले में कुल 13 लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है। वहीं, पुलिस ने आज एक और संदिग्ध दंपति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।
admin
News Admin