नागपुर-जबलपुर महामार्ग पर दर्दनाक हादसा, 2 की मौत... 12 दिन की मासूम के सिर से उठा पिता का साया!
नागपुर/रामटेक: नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। देवलापार थाना क्षेत्र के चोरबाहुली इलाके में सोमवार रात करीब 10 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 12 वर्षीय बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि जान गंवाने वाले 29 वर्षीय अजय कृपाले की महज 12 दिन पहले ही बेटी का जन्म हुआ था। पिता की मौत से नवजात बच्ची के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया।
भांजे और मामा की दर्दनाक कहानी
मृतकों की पहचान रामटेक के विनोबा भावे वार्ड निवासी सौरव अनंतराम वाडिवे (12) और अजय मधुकर कृपाले (29) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल सुनील मानिकराव गजाम (32) का नाम सामने आया है। जानकारी के अनुसार, तीनों होंडा शाइन बाइक से फूलझरी से रामटेक लौट रहे थे। इसी दौरान चोरबाहुली इलाके में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सौरव, घायल सुनील का भांजा था, जबकि अजय उनका मित्र था।
इस हादसे में अजय कृपाले की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। महज 12 दिन पहले ही उनके घर में बेटी का जन्म हुआ था। परिवार में नवजात के आगमन की खुशियां थीं और भविष्य को लेकर कई सपने सजाए जा रहे थे। लेकिन एक सड़क हादसे ने पलभर में सब कुछ उजाड़ दिया। जिस बेटी ने अभी ठीक से अपने पिता का चेहरा भी नहीं देखा था, उसके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। एक तरफ नवजात बेटी के आने की खुशियां थीं, तो दूसरी तरफ परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
दो परिवारों में मातम, हाईवे की सुरक्षा पर फिर सवाल
इस एक हादसे ने दो परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दिया है। एक परिवार ने अपना 12 वर्षीय मासूम बच्चा खो दिया, तो दूसरे परिवार ने घर का युवा सदस्य और नवजात बच्ची ने अपने पिता को खो दिया। घटना के बाद रामटेक क्षेत्र में शोक की लहर है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रहे हादसों और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
मृतक सौरव के पिता फागोराम वाडिवे की शिकायत पर देवलापार पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। देवलापार थाना प्रभारी नारायण तुरकुंडे के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मी राकेश नलगुंडवार मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
admin
News Admin