पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ विवाद में युवक की हत्या, दीपावली की रात हुई घटना से देवनगर में हड़कंप; सभी आरोपी फरार
नागपुर: रोशनी और खुशियों का पर्व दिवाली एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम बन गया। पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने 27 वर्षीय युवक की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात नागपुर के बजाज नगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनगर इलाके में हुई। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान हुड़केश्वर निवासी अमन सुनील सपाटे (27) के रूप में हुई है। अमन निजी क्षेत्र में नौकरी करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात अमन अपने दोस्तों के साथ पटाखे फोड़ने के लिए देवनगर इलाके में पहुंचा था। इसी दौरान पटाखे फोड़ने की बात को लेकर उसका कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया।
शुरुआत में मामूली नजर आ रहा यह विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपियों ने अमन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। दिवाली के जश्न के बीच हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल किसी भी आरोपी को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। बजाज नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं
जिस रात पूरा शहर दीपों और आतिशबाजी से रोशन था, उसी रात एक मामूली विवाद ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। जिस घर में दिवाली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ विवाद एक युवक की जान ले गया। इस घटना ने त्योहार के दौरान आपसी विवाद और हिंसा के खतरनाक परिणामों को एक बार फिर सामने ला दिया है।
admin
News Admin