Yavatmal: पड़ोसी ने की 7 साल की मासूम की हत्या, घर में तरबूज़ की बोरी में छिपाकर रखा शव
यवतमाल: यवतमाल जिले के दारव्हा तहसील के बोथ गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, बोथ गांव निवासी एक सात साल की एक मासूम बच्ची 20 मार्च को लापता हो गई थी, उसका शव उसके ही पड़ोसी के घर से बरामद हुआ। पडोसी ने बच्ची का शव बोरी में बांधकर छिपाकर रखा था। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
मृत बच्ची की पहचान शिवानी पंकज जाधव के रूप में हुई है। वह शुक्रवार 20 मार्च को दोपहर करीब 3:30 बजे अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिवार वालों को जब बच्ची घर में नहीं मिली, तो उन्होंने तुरंत गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने दारव्हा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बच्ची के लापता होने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई, जिसके बाद गांव के लोग, रिश्तेदार और स्थानीय लोग भी उसकी तलाश में जुट गए।
पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने गांव के आसपास करीब तीन किलोमीटर के दायरे में तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने जांच की दिशा बदलते हुए गांव के संदिग्ध घरों की तलाशी लेने का फैसला किया। जांच के दौरान जब पुलिस बच्ची के पड़ोसी सोनू जाधव के घर पहुंची, तो वहां एक कोने में रखी बोरी संदिग्ध लगी। जब पुलिस ने उस बोरी को खोलकर देखा, तो उसमें बच्ची का शव बंधा हुआ मिला, आरोपी ने बच्ची के शव को तरबूज की बोरियों के पीछे छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो सके।
बच्ची का शव मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों के होश उड़ गए। घटना सामने आते ही पूरे गांव में आक्रोश और डर का माहौल फैल गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू जाधव और उसके भाई कैलास जाधव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को शक है कि इस वारदात में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए यवतमाल के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पुरे मामला का खुलासा होगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य आरोपी शराब का आदी था, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के नाक और कान में पहने गए सोने के आभूषणों को लूटने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता खुद घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का निरीक्षण किया। अब इस मामले में आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है।
admin
News Admin