Gondia: ओबीसी हॉस्टल में पानी संकट, छात्र खुद खरीद रहे टैंकर; आंदोलन की चेतावनी
गोंदिया: गोंदिया शहर के अभियंता नगर स्थित ओबीसी विद्यार्थियों के हॉस्टल में इन दिनों पानी की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। इस हॉस्टल में करीब 70 छात्र रहते हैं और यह भवन शासन द्वारा किराए पर लिया गया है।
हॉस्टल में पानी की आपूर्ति बोरवेल के जरिए होती थी, लेकिन पिछले 8–15 दिनों से मोटर खराब होने के कारण छात्रों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि छात्रों को मजबूरी में खुद के खर्च से नगर परिषद के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जिसके लिए उन्हें लगभग 899 रुपये प्रति टैंकर चुकाने पड़ रहे हैं।
छात्रों ने सवाल उठाया है कि आखिर वे कब तक अपने खर्च पर पानी खरीदते रहेंगे? साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। हॉस्टल में पानी की समस्या की जानकारी मिलते ही ओबीसी समाज के सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और छात्रों से मुलाकात कर उनकी परेशानी जानी।
ओबीसी संगठनों ने ऐलान किया है कि आने वाले सोमवार को सभी छात्रों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर इस मुद्दे पर अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। यदि समस्या का तत्काल समाधान नहीं हुआ, तो ओबीसी समाज भी छात्रों के साथ मिलकर आंदोलन करेगा।
admin
News Admin