Gondia: अवैध रेत से भरे ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, बेटी घायल; मुआवज़े को लेकर सड़क पर प्रदर्शन
गोंदिया: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां नातेवाईक के अंतिम संस्कार में जा रही एक महिला की अवैध रेत से भरे ट्रक की टक्कर में मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, गोंदिया के जबरटोला गांव की रहने वाली महिला अपनी बेटी के साथ स्कूटी से मध्यप्रदेश जा रही थी। इसी दौरान दासगांव इलाके में अवैध रूप से रेत (वाळू) ले जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर उसे रावणवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मांग की है कि ट्रक मालिक मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवज़ा दे और घायल बच्ची के इलाज का पूरा खर्च उठाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक शव को सड़क से नहीं हटाया जाएगा। विरोध के दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रशासन और ट्रक चालक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल रावणवाड़ी पुलिस मौके पर मौजूद है और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह हादसा एक बार फिर अवैध रेत परिवहन और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
admin
News Admin