नागपुर में स्कूली वाहनों पर विशेष अभियान, नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई
नागपुर: नागपुर में स्कूली छात्रों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग सख्त नजर आ रहा है। नागपुर शहर पुलिस के यातायात विभाग और प्रादेशिक परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों पर कार्रवाई की है।
10 मार्च से शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत उन वाहनों की जांच की जा रही है जो स्कूली छात्रों का परिवहन तो करते हैं, लेकिन उनके पास वैध अनुमति नहीं है या वे यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
अभियान के दौरान सोमलवार हाईस्कूल, रामदास पेठ के विद्यार्थियों को ले जाने वाले दो वाहनों और गोरेवाड़ा रिंग रोड स्थित पलोटी हाईस्कूल के विद्यार्थियों को ले जाने वाले एक वाहन पर कार्रवाई की गई। इन वाहनों को जब्त कर प्रादेशिक परिवहन कार्यालय में जमा कराया गया।
अभियान के दौरान कुल 101 वाहनों की जांच की गई। इनमें से मोटर वाहन अधिनियम के तहत 4 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 वाहनों पर चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) लोहित मतानी और प्रादेशिक परिवहन विभाग ने नागरिकों, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की है कि यदि कहीं भी स्कूली छात्रों की अवैध या नियमबाह्य तरीके से वाहतूक की जा रही हो तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें और छात्रों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग करें।
admin
News Admin