झपकी बनी काल, उज्जैन से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार एमपी के हरदा जिले में दुर्घटनाग्रस्त; मामा-भांजे की मौत, दो गंभीर
नागपुर: उज्जैन से देवदर्शन कर लौट रहे नागपुर के श्रद्धालुओं की कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में मामा-भांजे की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा मध्य प्रदेश के बैतूल-हरदा सीमा पर स्थित ढाकना गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। हादसे के बाद कामठी और नागपुर में पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
उज्जैन के नलखेड़ा स्थित बगलामुखी मंदिर में दर्शन कर नागपुर लौट रहे चार श्रद्धालुओं की कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कामठी निवासी शुभम रंगीलाल उर्फ विजय जायसवाल (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके मामा पारस कनोजिया (35), निवासी मानकापुर नागपुर, ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में अमन जायसवाल (26) और जतिन कनोजिया (34) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो गया, जिससे कार पलट गई और यह हादसा हुआ।
घटना के बाद पीछे से आ रहे टवेरा वाहन के चालक अंकित तिवारी ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों के मुताबिक हादसे के वक्त कुछ लोग कार में सो रहे थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
इस हृदयविदारक घटना से नागपुर और कामठी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवारों में मातम पसरा है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
admin
News Admin