महिला खिलाडियों से छेड़छाड़ मामला: भाजपा युवती मोर्चा आक्रामक, क्रीड़ा संचालक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग
नागपुर: राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की महिला कराटे खिलाड़ियों के साथ फलकनुमा एक्सप्रेस में छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद पूरे खेल जगत में आक्रोश फैल गया है। इस घटना के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कड़ा रुख अपनाया है। नागपुर भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के निर्देश पर भाजपा युवती मोर्चा ने मंगलवार को खेल संचालक से मुलाकात की घटना की निंदा की और इस घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सहित भविष्य में खिलाडियों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की। वहीं इस पर खेल संचालक ने सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय की 10-12 सदस्यीय महिला कराटे टीम ओडिशा के बालासोर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही थी। रविवार सुबह भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से टीम ने ट्रेन पकड़ी, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते खिलाड़ी अलग-अलग डिब्बों में थीं, जबकि उनके प्रशिक्षक दूसरे कोच में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके का फायदा उठाते हुए खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की और अश्लील टिप्पणियां कीं। घबराई खिलाड़ियों ने घटना का वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजा, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।
कड़ी कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के निर्देश पर और युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन करारे के मार्गदर्शन में, युवती प्रमुख प्रशंसा भोयर ने क्रीड़ा संचालक डॉ. संभाजी भोसले को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए ठोस नियमावली और भविष्य में टीम व प्रशिक्षकों के एक ही डिब्बे में आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
विश्वविद्यालय ने दिया आश्वासन
क्रीड़ा संचालक डॉ. संभाजी भोसले ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रेलवे प्रशासन से समन्वय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
admin
News Admin