Kamptee: कामठी में 70वें धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस की धूम: ड्रैगन पैलेस टेम्पल में भव्य आयोजन, 70 मीटर ऊंचा पंचशील ध्वज बनेगा मुख्य आकर्षण
नागपुर: नागपुर के कामठी स्थित ड्रैगन पैलेस टेम्पल में 70वें धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दो दिवसीय इस आयोजन को लेकर टेम्पल परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रात के समय रोशनी से जगमगाता टेम्पल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। समारोह के अवसर पर 19 अक्टूबर की सुबह टेम्पल परिसर में 70 मीटर ऊंचा पंचशील ध्वज फहराया जाएगा। धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के 70वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
20 अक्टूबर को विशेष बुद्ध वंदना
20 अक्टूबर को सुबह 10 बजे ड्रैगन पैलेस टेम्पल में विशेष बुद्ध वंदना का आयोजन किया जाएगा। इसमें संयुक्त राष्ट्र संघ की अंतरराष्ट्रीय परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. डी. धम्मरत्न, म्यांमार के बौद्ध विद्वान पियोरतन महाथेरो, त्रिपुरा के भदंत अगधम्मा, भदंत डॉ. चिंचल मेत्तानंद सहित थाईलैंड, श्रीलंका और अन्य बौद्ध देशों के भिक्षुओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इस अवसर पर भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। बुद्ध वंदना के बाद डॉ. आंबेडकर के जीवन और संघर्ष को दर्शाने वाली दुर्लभ तस्वीरों की प्रदर्शनी डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सांस्कृतिक भवन में आयोजित की जाएगी।
दीक्षाभूमि से ड्रैगन पैलेस तक ‘आपली बस’ सेवा
समारोह में आने वाले अनुयायियों की सुविधा के लिए नागपुर महानगरपालिका के परिवहन विभाग ने दीक्षाभूमि से ड्रैगन पैलेस टेम्पल तक विशेष ‘आपली बस’ सेवा की व्यवस्था की है। इससे श्रद्धालुओं को समारोह स्थल तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। धार्मिक कार्यक्रमों, पंचशील ध्वज और विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से श्रद्धालुओं को बौद्ध विचारधारा तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन और योगदान से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
साथ ही विभिन्न बौद्ध देशों के भिक्षुओं की उपस्थिति में विशेष बुद्ध वंदना का आयोजन किया जाएगा। महान भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। बुद्ध वंदना के पश्चात डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन एवं संघर्ष को दर्शाने वाली दुर्लभ तस्वीरों की प्रदर्शनी डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सांस्कृतिक भवन में आयोजित की जाएगी।
admin
News Admin