Nagpur Railway Station Re-development: 8 अप्रैल से प्लेटफॉर्म नंबर 2 बंद, मडगांव एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के रूट बदले, देखें पूरी लिस्ट
नागपुर: नागपुर रेलवे स्टेशन (Nagpur Railway Station) को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में चल रहा पुनर्निर्माण कार्य (Re-Development Work) अब एक निर्णायक चरण में पहुंच गया है। स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है। दरअसल, प्लेटफॉर्म नंबर 2 (Platform no. 2) पर पिलर निर्माण और अन्य महत्वपूर्ण ढांचागत कार्यों के लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति का इंतजार था, जो अब मिल गई है। अनुमति मिलते ही रेलवे प्रशासन ने 8 अप्रैल 2026 से काम शुरू करने का मास्टर प्लान जारी कर दिया है।
क्यों लिया गया यह ब्लॉक?
स्टेशन के पुनर्विकास का काम बड़ी तेजी से चल रहा है, लेकिन प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर भारी निर्माण कार्य (जैसे पिलर खड़ा करना और स्लैब डालना) के लिए ट्रेन ट्रैफिक को रोकना अनिवार्य था। कई महीनों से यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के पास लंबित था। अब बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद, 8 अप्रैल 2026 से 29 मई 2026 (52 दिन) तक इस प्लेटफॉर्म को बंद रखा जाएगा।
यात्री ध्यान दें: प्लेटफॉर्म नंबर 3 संभालेगा मोर्चा
प्लेटफॉर्म नंबर 2 के बंद रहने के दौरान यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए रेलवे ने प्लेटफॉर्म नंबर 3 को पूरी तरह सक्रिय रखने का फैसला किया है। कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन इसी प्लेटफॉर्म से किया जाएगा। यात्रियों की सहायता के लिए यहाँ अतिरिक्त हेल्प डेस्क और स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी।
ट्रेनों के परिचालन में हुए बदलाव एक नजर में:
1. अजनी स्टेशन से शुरू/खत्म होने वाली ट्रेनें:
नागपुर आने-जाने वाली मडगांव स्पेशल अब मुख्य स्टेशन के बजाय अजनी से संचालित होगी।
- 01140 मडगांव – नागपुर स्पेशल: 9 अप्रैल से 28 मई तक अजनी में यात्रा समाप्त करेगी।
- 01139 नागपुर – मडगांव स्पेशल: 8 अप्रैल से 27 मई तक अजनी से रवाना होगी।
2. नागपुर के बजाय दूसरे रास्ते से चलेंगी ये ट्रेनें (Divert):
निर्माण कार्य के चलते इन ट्रेनों को नागपुर स्टेशन पर न लाकर वर्धा-बडनेरा-चांदूर बाजार-नरखेड के रास्ते डाइवर्ट किया गया है:
- हैदराबाद – गोरखपुर (07075/76)
- बेंगलुरु – लाल कुआं स्पेशल (05073/74)
- बेंगलुरु – दानापुर स्पेशल (06509/10)
3. देरी से चलने वाली ट्रेनें (Regulated Trains):
कुछ प्रमुख ट्रेनों को मार्ग में 10 मिनट से लेकर 2 घंटे तक रोका जा सकता है, जिनमें अयोध्या कैंट – रामेश्वरम, छपरा – चेन्नई सेंट्रल और शालीमार – एलटीटी जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
- अयोध्या कैंट – रामेश्वरम एक्सप्रेस (22614)
- छपरा – एमजीआर चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस (12670)
- शालीमार – एलटीटी एक्सप्रेस (18030 / 12102)
- शालीमार – ओखा और शालीमार – पोरबंदर एक्सप्रेस
राहत की बात: कोई ट्रेन कैंसिल नहीं
इतने बड़े ब्लॉक के बावजूद रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किसी भी ट्रेन को पूरी तरह रद्द नहीं किया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के गोंदिया स्टेशन पर होने वाले कार्यों के साथ तालमेल बिठाकर यह "शैडो ब्लॉक" लिया गया है, ताकि काम भी हो जाए और यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
admin
News Admin